देश

ब्रेकिंग : नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को आयुक्त ने किया सस्पेंड, लापरवाही पर कड़ा एक्शन

गौशाला से सफाई तक खामियों पर कार्रवाई, निगम गलियारों में अन्य अधिकारियों के निलंबन की भी चर्चा

कटनी, यशभारत। नगर निगम में लापरवाही पर अब सिर्फ नोटिस से काम नहीं चलेगा। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने सख्त कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य अधिकारी संजय कुमार सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अमीरीगंज गौशाला की व्यवस्थाओं, शहर की सफाई, आवारा पशुओं के नियंत्रण और विभागीय कामकाज में लगातार खामियों के बावजूद सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। बार-बार कारण बताओ नोटिस के बाद भी कार्यप्रणाली में अपेक्षित बदलाव नहीं होने पर निगमायुक्त ने निलंबन का फैसला लिया।
गौशाला की शिकायतों से वेतन भुगतान तक सवाल, अन्य अधिकारियों पर भी नजरें**
जारी आदेश के मुताबिक, अमीरीगंज गौशाला में पशुओं की स्थिति, चारा-पानी, उपचार और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद स्वास्थ्य अधिकारी से जवाब मांगा गया था। उनका स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया। इसके अलावा वार्डों की सफाई, कांजी हाउस, आवारा मवेशियों के नियंत्रण, आवारा कुत्तों की रोकथाम, बंदरों को पकड़ने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में भी अपेक्षित सुधार नहीं मिला।
आदेश में विभागीय कर्मचारियों के वेतन देयकों को बिना समुचित परीक्षण अनुशंसित करने, श्रमिकों के वेतन भुगतान में देरी तथा टीएल और समीक्षा बैठकों में जरूरी जानकारी के साथ उपस्थित नहीं होने जैसे मामलों का भी उल्लेख है। पूर्व में नोटिस जारी होने के बावजूद सुधार नहीं होने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के उल्लंघन के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
इधर, स्वास्थ्य अधिकारी के निलंबन के बाद शुक्रवार को दिनभर नगर निगम परिसर के गलियारों में अन्य लापरवाह अधिकारियों पर भी निलंबन की कार्रवाई होने की चर्चा सुनाई देती रही। हालांकि, अन्य अधिकारियों के नाम और संभावित कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
निलंबन अवधि में संजय सोनी को नगर निगम के जोन क्रमांक-4 स्थित माधवनगर उपकार्यालय में संबद्ध किया गया है। आगामी आदेश तक स्वास्थ्य अधिकारी का प्रभार स्वच्छता निरीक्षक निशांत कनोजिया को सौंपा गया है। निगमायुक्त की कार्रवाई के बाद अब निगम के अन्य विभागों की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर भी नजरें टिकी हैं।IMG 20261023 WA1056

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button