हर वार्ड तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता- महापौर
राममनोहर लोहिया वार्ड के प्रजापति मोहल्ले में 25.73 लाख से होंगे विकास कार्य

हर वार्ड तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता- महापौर
राममनोहर लोहिया वार्ड के प्रजापति मोहल्ले में 25.73 लाख रुपये से बनेगा नाला

कटनी, यशभारत। शहर का विकास केवल प्रमुख सड़कों और बाजारों तक सीमित न रहे, बल्कि हर वार्ड और मोहल्ले तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचें, इसी सोच के साथ महापौर प्रीति संजीव सूरी विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। इसी कड़ी में राममनोहर लोहिया वार्ड के प्रजापति मोहल्ले में 25.73 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। महापौर की मौजूदगी में क्षेत्रीय पार्षद उमेद्र अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों ने मातृशक्तियों के हाथों विधिवत भूमिपूजन कराया।
नाला निर्माण से मोहल्ले में लंबे समय से महसूस की जा रही जल निकासी की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। बारिश के दौरान जलभराव से राहत मिलने के साथ क्षेत्र में स्वच्छता और आवागमन की स्थिति भी बेहतर होगी। वार्ड की जरूरतों को ध्यान में रखकर निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देना महापौर की विकास योजना का अहम हिस्सा है।
हर गली-मोहल्ले तक पहुंचे सुविधाएं, तभी बदलेगी शहर की तस्वीर : महापौर
इस अवसर पर महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि शहर की वास्तविक समृद्धि तभी संभव है, जब प्रत्येक वार्ड के नागरिकों को सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। नगर निगम का प्रयास है कि विकास का लाभ शहर के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय पार्षद उमेद्र अहिरवार ने कहा कि प्रजापति मोहल्ले में नाला निर्माण की मांग लंबे समय से थी। कार्य पूरा होने पर स्थानीय नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने महापौर और निगम प्रशासन का आभार जताया। भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।







