जैन धर्मशाला में विवाद, दोनों पक्ष पहुंचे कोतवाली, थाने में भी कहासुनी, दर्ज हो रही एफआईआर

कटनी, यशभारत। जैन समाज की धर्मशाला को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद के बीच आज दोपहर आज दो पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। विवाद के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। यहां भी दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर मारपीट हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया। बताया जाता है कि पुलिस दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर रही है। विदित हो कि चेतनोदय तीर्थ क्षेत्र की भूमि को लेकर चल रहा विवाद अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा है, इस बीच कोतवाली के सामने संचालित जैन स्कूल और धर्मशाला की संपत्ति को लेकर नया विवाद सामने आया है। दिगम्बर जैन पंचायत से जुड़े लोगों का कहना है कि यह संपत्ति जैन समाज की है और वर्षों से यहां स्कूल संचालित होने के साथ धर्मशाला में धार्मिक और अन्य आयोजन होते रहे हैं, जबकि दूसरी ओर इस भवन को अपने परिवार की संपत्ति बताने वाले अनुराग जैन का कहना है कि उनके पुरखों ने 1913 में यह जमीन खरीदी थी और इस पर जो भवन बनाए गए, वो समाज के उपयोग के लिए दे दिए गए थे। जैन समाज इस संपति का मालिक नहीं है। रविवार को हुए घटनाक्रम के बाद आज दोपहर जैन धर्मशाला में किसी बात को लेकर दोनो पक्ष आपस में भिड़ गए। मामला थाने पहुंचा तो यहां बीबी जमकर कहा सुनी हुई।







