मुख्य ख़बरें

युवक की दर्दनाक मौत के बाद ‘खाकी’ पर हमला: सड़क हादसे के बाद भड़की भीड़ ने आरक्षक और SPD जवानों को किया घायल

बालाघाट। जिले के बिरसा थाना क्षेत्र में  सड़क दुर्घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। अचानकपुर-कचनारी मार्ग पर खड़े ट्रक से बाइक टकराने के कारण छत्तीसगढ़ निवासी 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर एकत्रित भीड़ ने ट्रक क्लीनर के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्लीनर को भीड़ से बचाया, लेकिन कुछ देर बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिसकर्मियों और विशेष सहयोगी दस्ते (SPD) के जवानों पर ही हमला कर दिया। इस घटना में एक पुलिस आरक्षक सहित तीन जवान घायल हो गए। पुलिस ने 20 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी पहचान शुरू कर दी है।

बेटे के नामकरण का निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहा था युवक

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सालेवाड़ा निवासी 26 वर्षीय ठुमेन्द्र पिता रामचंद्र पांचे अपने बेटे के नामकरण संस्कार का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए बालाघाट जिले के अचानकपुर आए थे। मंगलवार रात वापस अपने घर लौटते समय अचानकपुर और कचनारी के बीच सड़क पर खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि ठुमेन्द्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मंडई-मेले से मौके पर पहुंची भीड़, क्लीनर के साथ हो रही थी मारपीट

हादसे के दौरान घटनास्थल के नजदीक ही एक गांव में मंडई-मेला आयोजित था। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मेले से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। रात करीब 9:30 बजे सालेटेकरी पुलिस चौकी को दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। वहां कुछ लोग ट्रक के क्लीनर के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने हस्तक्षेप कर क्लीनर को भीड़ से सुरक्षित निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

ट्रक चालक को बुलाने की मांग पर अड़े ग्रामीण, पुलिस से भिड़े

क्लीनर को अस्पताल भेजने के बाद पुलिस टीम मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया में जुटी थी। इसी दौरान घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोग ट्रक चालक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। इस बात को लेकर पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और भीड़ में शामिल 20 से अधिक लोगों ने पुलिस आरक्षक तोमेश कुमार बघेले तथा विशेष सहयोगी दस्ते के जवान संदीप मेरावी और पीयूष रनकुहे के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

आरक्षक की गर्दन सहित शरीर में चोटें, तीनों अस्पताल में भर्ती

अचानक हुए हमले में आरक्षक तोमेश कुमार बघेले की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। वहीं SPD जवान संदीप मेरावी और पीयूष रनकुहे भी घायल हुए हैं। घटना के बाद तीनों घायलों को तत्काल बिरसा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कर उपचार किया जा रहा है।

20 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी

घटना को लेकर एसडीओपी चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस टीम के साथ मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद अब पुलिस टीम पर हमले तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है और मामले की विवेचना जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button