पुलिस कस्टडी से भागकर फंदे पर झूला अधेड़ : परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का संगीन आरोप

रीवा । जिले के सेमरिया थाना के चचाई चौकी से बीते दिवस भागे अधेड़ रामकुशल प्रजापति 50 वर्ष निवासी मटीमा की मंगलवार की सुबह गांव में ही पेड़ से लटकती लाश पाई गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पश्चात शव को पीएम के लिए सेमरिया अस्पताल भेजवाया। इस दौरान परिजन पुलिस पर अधेड़ के साथ प्रताड़ना किए जाने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों के मौके पर आने की मांग पर अड़े रहे। जिसके बाद मौके पर पहुंचे सेमरिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन मान गए।
बताया गया है कि रामकुशल के खिलाफ परिजनों ने शिकायती आवेदन चचाई पुलिस चौकी में दिया था। शिकायत के बाद पुलिस अधेड़ को हिरासत में लेकर चौकी ले’ आई। दूसरे दिन पुलिस उसके खिलाफ 151 के तहत कार्रवाई कर ही रही थी कि वह मौका देख कर चौकी से भाग गया। मंगलवार की सुबह उसकी पेड़ से लटक कर आत्महत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली।
पुलिस ने बताया कि चौकी में अधेड़ के साथ न तो किसी तरह की अभद्रता ही की गई और न ही उसे प्रताड़ित किया गया। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार है। चौकी में लगे सीसीटीवी फुटेज से भी इसकी पुष्टि की जा सकती है। पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर कानूनन जैसा जरूरी है उसी के तहत कार्रवाई की है।
अधेड़ के खिलाफ चौकी में शिकायत थी। पुलिस नियमानुसार उसे चौकी लाई और कानूनी कार्रवाई की। 151 की कार्रवाई के दौरान अधेड़ चौकी से भाग गया। मंगलवार की सुबह उसकी मौत की सूचना पुलिस को मिली। परिजनों द्वारा लगाए आरोप गलत है।
शिवा अग्रवाल, थाना प्रभारी







