Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

दीपावली की रात दोहरे हत्याकांड से दहला कांचघर, जुए के विवाद में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या

जबलपुर,यशभारत। घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर स्थित हनुमान टोरिया की नई बस्ती में दीपावली की रात खूनी वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुरानी रंजिश और जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में बदमाशों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह दीपावली की रात दोहरे हत्याकांड में तब्दील हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान कार्तिक चौधरी (21), निवासी नई बस्ती और करन पासी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक दीपावली की रात करीब एक बजे जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान वहां जुआ खेल रहे प्रिंस और हर्षित से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने पहले कार्तिक और करन के साथ जमकर मारपीट की और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

एक आरोपी हिरासत में, दूसरे की तलाश

एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ के अनुसार, जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में दोनों युवकों पर चाकू से हमला किया गया था। मृतकों और आरोपियों के बीच पूर्व से भी विवाद चल रहा था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। घमापुर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button