वाजपेयी नगर मल्टी में रहने वाली पड़ोस की महिला निकली वृद्धा की कातिल, जेवर और नकदी के लालच में दिया वारदात को अंजाम

वाजपेयी नगर मल्टी में रहने वाली पड़ोस की महिला निकली वृद्धा की कातिल, जेवर और नकदी के लालच में दिया वारदात को अंजाम
भोपाल, यश भारत। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के वाजपेयी नगर स्थित मल्टी में हुई 60 वर्षीय वृद्धा कलरी देवी की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात को किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि मृतिका के ही पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने सोने के जेवरात और नकदी के लालच में अंजाम दिया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सघन पूछताछ के आधार पर आरोपिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया सारा सामान बरामद कर लिया है।
दम घुटने से हुई थी मौत, मर्ग जांच से खुला राज थाना शाहजहांनाबाद पुलिस के अनुसार, गत 6 नवंबर को हमीदिया अस्पताल से सूचना मिली थी कि मल्टी ए-2 वाजपेयी नगर निवासी कलरी देवी पत्नी हरीचंद प्रजापति (60 वर्ष) की मृत्यु हो गई है। अस्पताल से प्राप्त शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतिका की मौत का कारण ‘दम घुटने से श्वास नली अवरुद्ध होना’ आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हो गया कि अज्ञात आरोपी ने मुंह-नाक दबाकर वृद्धा की हत्या की है और घर में रखे जेवरात लूटकर फरार हो गया है। इस पर पुलिस ने तत्काल धारा 103(1), 309(6), 332(क) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एसआईटी ने तकनीकी मदद से बिगाड़ा कातिल का खेल थाना शाहजहांनाबाद की एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। एसआईटी ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
तकनीकी मदद और सर्विलांस के आधार पर पास की ही मल्टी में रहने वाली एक महिला की गतिविधि संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने जब संदिग्ध महिला से मनोवैज्ञानिक तरीके से (हिकमत अमली से) पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
भुसावल (महाराष्ट्र) की है आरोपिया, पहले भी दर्ज हैं मामले पकड़ी गई आरोपिया की पहचान रेखा उर्फ रीता उर्फ रीत पति स्व. सुरेश सुडरकर, उम्र 45 वर्ष, मूल निवासी भुसावल, महाराष्ट्र, हाल निवासी ए-1/जी-7 मल्टी, वाजपेयी नगर, ईदगाह हिल्स, भोपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने मृतिका के पहने हुए जेवरात और नकदी के लालच में आकर इस घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपिया की निशानदेही पर मृतिका के शरीर से लुटे गए सोने के झुमके, नाक की लौंग, पैरों की पायल, नगदी रुपए, तथा घटना के समय पहने गए कपड़े, चप्पल और उसका मोबाइल फोन जप्त कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपिया के खिलाफ पहले भी थाना निशातपुरा में नाबालिग बालिका के अपहरण व बलात्कार और थाना शाहजहांनाबाद में सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।






