पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप,पति ने लाठी से पीटकर पत्नी को उतारा मौत के घाट
जबलपुर यशभारत। जिले के चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम भिड़की में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि पति ने कथित तौर पर लाठी-डंडे से पीट-पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 43 वर्षीय सुकर्ती बाई, निवासी ग्राम भिड़की के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रात के समय सुकर्ती बाई और उसके पति नेमचंद भूमियां के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान नेमचंद ने पत्नी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर चोटें आने के कारण सुकर्ती बाई की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रात में हुई इस घटना के बाद सुबह महिला का शव घर के बाहर मिला, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, संदेह के आधार पर पति नेमचंद भूमियां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद भिड़की गांव में मातम और चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







