कटनी

सूने मकान में चोरों का धावा, दिनदहाड़े चोरी, घर में घुसकर अलमारी से जेवरात और नगद रूपए ले गए चोर

कटनी, यशभारत। बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत छिंदिया टोला में दिनदहाड़े दो अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने घर के अंदर घुसकर अलमारी को खंगालते हुए 50 हजार रुपये नगद और सोने चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पीडि़त परिवार को जब तक घटना की भनक लगी, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विगत दिवस फरियादी मोहम्मद फैसल पिता मोहम्मद लियाकत निवासी छिंदिया टोला अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान सूनेपन का फायदा उठाते हुए दो अज्ञात बदमाश मकान के अंदर घुसे और अलमारी का लॉक तोडक़र उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात और अलमारी से 50 हजार नगद पार कर दिए। चोरी गए जेवरातों की कीमत 50 हजार बताई गई। बताया जाता है कि दोपहर में जब परिजन घर वापस लौटे और कमरे का सामान बिखरा हुआ देखा, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और उसमें रखी नगदी व कीमती जेवरात गायब थे। घटना की खबर फैलते ही छिंदिया टोला इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत बरही पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मोहम्मद फैसल की शिकायत पर अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना के बाद बरही पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। आसपास के इलाकों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैए ताकि दोपहर के वक्त संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुराने संपत्ति संबंधी अपराधियों और संदेहास्पदों से भी पूछताछ की जा रही है।
हीरागंज में गोदाम का ताला टूटा
कोतवाली अंतर्गत हीरागंज स्थित गोदाम का ताला तोडक़र अज्ञात चोरों ने बर्तन और नकद रूपए पार कर दिए। हीरागंज निवासी कन्हैया ताम्रकार ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने देर रात गोदाम का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कीमती पीतल व कांसे के बर्तन तथा बटुआ चुरा लिया। चोरी गए सामान की कीमत 27 हजार आंकी गई है। सुबह जब गोदाम का ताला टूटा मिला, तब घटना का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
स्लीमनाबाद में चोरी की दो वारदातें
स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बंधी स्टेशन के पास मड़ैयन टोला निवासी सविता साहू के सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने 95 हजार मूल्य के जेवरात पार कर दिए। चोरों ने अलमारी से 9 संतान साते की चांदी की चूडिय़ां और 8 चांदी की बिछिया चुरा लीं। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया है। इसी तरह स्विल माइन्स निमास में अज्ञात चोरों ने दोपहर के वक्त सेंधमारी कर पानी खींचने वाली कीमती पंप मोटर पार कर दी। मनोज तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला कायम किया है।
कैमोर में 16 नग बकरा-बकरी चोरी
कैमोर थाना क्षेत्र के ग्राम देवसरी में चोरी का एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। फरियादिया सुनीता बाई कोल अपने घर पर ताला लगाकर बाहर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोडक़र अंदर बंधे 10 नग बकरी और 6 नग बकरे 16 मवेशी पार कर दिए। गायब हुए बकरा बकरियों की कीमत 40 हजार रूपए आंकी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button