भोपालमध्यप्रदेश

मेट्रो के पहले चरण में रोशनपुरा-राजभवन मार्ग 20 दिन बंद

25 नवंबर से बदलेगी भोपाल की चाल:मेट्रो के पहले चरण में रोशनपुरा-राजभवन मार्ग 20 दिन बंद

मंत्रालय और विधानसभा जाने वालों की बढ़ेंगी मुश्किलें

भोपाल, यशभारत। राजधानी में मेट्रो रेल परियोजना के विस्तार ने अब शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त प्रशासनिक व व्यावसायिक मार्गों पर दस्तक दे दी है। नगरीय यातायात पुलिस ने 25 नवंबर से रोशनपुरा चौराहे से राजभवन (लोकभवन) तिराहे तक यातायात डायवर्जन लागू करने का फैसला किया है, जो करीब 20 दिनों तक प्रभावी रहेगा। इस कदम से न केवल रोजाना दफ्तर और कारोबार के लिए निकलने वाले आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित होगी, बल्कि मंत्रालय, विधानसभा और बिड़ला मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों को भी नए रास्तों से जूझना पड़ेगा।

मेट्रो निर्माण के पहले चरण में रोशनपुरा से राजभवन के बीच काम शुरू होने से इस हिस्से का ट्रैफिक दबाव आसपास के वैकल्पिक मार्गों पर शिफ्ट होगा। यातायात पुलिस की योजना के मुताबिक, विधानसभा, मंत्रालय और बिड़ला मंदिर की तरफ जाने वाले मार्ग संकरे होने के चलते वहां केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति दी गई है। ऐसे वाहन चालक एम.एल. रेस्ट हाउस, मालवीय नगर तिराहा और गांधी पार्क तिराहा होते हुए मछली घर के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

दूसरी ओर, बड़े और मध्यम आकार के वाहनों के लिए यह रास्ता बंद रहने से उन्हें रोशनपुरा चौराहे से बाणगंगा होकर लंबा चक्कर लगाना होगा। वहीं रोशनपुरा चौराहे से राजभवन या गांधी पार्क तिराहे की ओर जाने वाले वाहन बाणगंगा चौराहा, के.एन. प्रधान तिराहा और मछली घर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। लिंक रोड-1 से रोशनपुरा आने वाले चालकों को अंकुर स्कूल, रमेश टेलर और नरेश बटन भंडार वाले रास्ते से होकर गुजरना होगा।

तीन चरणों में जहांगीराबाद तक पहुंचेगा काम
भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के तहत रोशनपुरा चौराहे से मुगल बाजार/मुर्गी बाजार होते हुए जहांगीराबाद (जैन मंदिर) तक का निर्माण कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाना प्रस्तावित है। पहले चरण में रोशनपुरा से राजभवन तक कार्य होगा, जिसके लिए 25 नवंबर से 20 दिन तक डायवर्जन लागू रहेगा। इसके बाद दूसरे चरण में राजभवन से कंट्रोल रूम तिराहे तक और तीसरे चरण में कंट्रोल रूम तिराहे से मुगल बाजार व जहांगीराबाद चौराहे तक निर्माण किया जाएगा।

असुविधा पर यहां करें संपर्क
डायवर्जन के दौरान जाम या मार्ग संबंधी किसी भी तरह की परेशानी होने पर वाहन चालक यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 0755-2443850 पर कॉल कर सकते हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय से पहले घर से निकलें और तय वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button