आईजी इंटेलीजेंस से मोबाइल लूटने वालों की तलाश: तीन थानों के बीच उलझी पुलिस

आईजी इंटेलीजेंस से मोबाइल लूटने वालों की तलाश: तीन थानों के बीच उलझी पुलिस
-लोकेशन ट्रेस हुई पर नहीं मिला सटीक जानकारी, एक मोबाइल छोडक़र भागे लुटेरे
-हबीबगंज थाना, क्राइम ब्रांच थाना समेत कई थानों की टीमें हुई सक्रिय
भोपाल, यशभारत। राजधानी की हाईसिक्युरिटी जोन में सुमार चार इमली इलाका जहां पर आईएएस, आईपीएस, एआईएफएस समेत मप्र शासन के कई मंत्री और विधायकों का निवास है, वहां कल रात आईजी इंटेलीजेंस के हाथ से बाइक सवार बदमाश मोबाइल छीन कर फरार हो गए। वारदात के बाद आईजी का एक मोबाइल पुलिस को मिल गया है, जबकि दूसरे मोबाइल की आखिरी लोकेशन पुलिस ने ट्रेस कर ली है। लेकिन लोकेशन सटीक न होने के कारण पुलिस तीन थाना क्षेत्रों की झुग्गी बस्तियों में उलझ कर रह गई है। क्राइम ब्रांच समेत पूरे शहर की पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश मेें जुटी हुई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक पुलिस मुख्यालय में पदस्थ आईजी इंटेलीजेंस डॉ.आशीष रात में अपनी पत्नी के साथ चार इमली स्थित अपने बंगले के बाहर टहलने निकले थे। तभी बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाश उनके साथ से दो मोबाइल छीन लिए और फरार हो गए। आईजी इंट के साथ हुई लूट की वारदात की सूचना मिलते ही हबीबगंज और क्राइम ब्रांच की टीम समेत पूरे शहर में पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच आईजी का लूटा गया एक मोबाइल पुलिस ने रास्ते पर पड़ा हुआ बरामद कर लिया। पुलिस अनुमान लगा रही है कि वारदात के बाद भागते वक्त बदमाशों के हाथ से मोबाइल छूट कर गिर गया या फिर उन्होंने फेंक दिया।
तीन थानों में एक साथ लोकेशन-
वारदात के बाद पुलिस के तकनीक कर सहारा लिया, पुलिस ने मोबाइल की आखिरी लोकेशन निकाली तो पता चला कि चूना भट्टी इलाके में जाकर मोबाइल बंद हुआ है। वहीं पुलिस को मोबाइल की जो लोकेशन मिली है, उसमें हबीबगंज, चूना भट्टी और कमला नगर की झुग्गी बस्तियां शामिल हैं। अब पुलिस उलझन में है कि आखिर बाइक सवार लुटेरे वारदात को अंजाम देने के बाद किसी थाना क्षेत्र में जाकर छिपे हैं।
छात्र से भी झपटा मोबाइल-
आईजी इंट डॉ. आशीष के हाथ से मोबाइल झपटने की वारदात के बाद बाइक सवार दो बदमाशों ने शिवाजी नगर में रहने वाले वैभव तिवारी से भी मोबाइल छीन लिया। वारदात के वक्त छात्र घर के बाहर टहलते हुए पढ़ाई कर रहा था। वारदात के बाद छात्र ने हबीबगंज थाना पहुंच कर लिखित शिकायत की है।
इनका कहना है-
आईजी साहब के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की जांच कर आरोपियों की धरपकड़ में लग गई हैं। जल्द ही वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
आशुतोष गुप्ता, डीसीपी जोन-1, भोपाल







