भोपालमध्यप्रदेश

15 वारंट और कई थानों में शिकायतों के बाद भी बेखौफ था दंपत्ति, 30 करोड़ की प्रॉपर्टी ठगी में अयोध्या नगर से गिरफ्तारी

15 वारंट और कई थानों में शिकायतों के बाद भी बेखौफ था दंपत्ति, 30 करोड़ की प्रॉपर्टी ठगी में अयोध्या नगर से गिरफ्तारी

भोपाल, यशभारत। राजधानी में प्लॉट, मकान और फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए ऐंठने वाले पति-पत्नी को अयोध्या नगर पुलिस ने देर रात दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान संदीप रामतानी और उसकी पत्नी संगीता रामतानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ अदालत से 15 वारंट जारी हो चुके थे, इसके बावजूद वे अलग-अलग इलाकों में लोगों को झांसा देकर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। शुरुआती जांच में धोखाधड़ी की यह रकम 25 से 30 करोड़ रुपए तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दंपत्ति ने ठगी के लिए भूमिकाएं बांट रखी थीं। पहले संगीता संभावित खरीदारों से संपर्क साधती और बातचीत के जरिए उनका भरोसा जीतती थी। इसके बाद संदीप मौके पर आकर प्लॉट या मकान का सौदा तय करता था। आरोप है कि दोनों किसी दूसरे व्यक्ति की जमीन या मकान दिखाकर उसे अपना बताते थे और खरीदारों से एडवांस के तौर पर लाखों रुपए ले लेते थे। रकम हाथ आते ही दोनों ग्राहकों से संपर्क तोड़ देते थे।

अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में ही छह लोगों से करीब दो करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इसके अलावा चूनाभट्टी और क्राइम ब्रांच में भी आरोपियों के खिलाफ शिकायतें और प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इन सभी मामलों को जोड़कर यह पड़ताल कर रही है कि अलग-अलग थानों में दर्ज शिकायतों और नए पीड़ितों के सामने आने के बाद ठगी की कुल राशि कितनी बैठती है।

अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्लारे ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच दल यह पता लगाने में जुटा है कि ठगी से जुटाई गई राशि कहां खपाई गई, किन-किन खातों या संपत्तियों में लगाई गई और इस जाल में और कितने लोग फंसे हैं। पुलिस ने अन्य पीड़ितों से भी सामने आने की अपील की है, ताकि मामले की विस्तृत जांच आगे बढ़ाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button