पुरानी गल्ला मंडी में जल निकासी ठप, सड़कों पर बहता गंदा पानी बन रहा स्वास्थ्य व कारोबार के लिए बड़ा संकट

पुरानी गल्ला मंडी में जल निकासी ठप, सड़कों पर बहता गंदा पानी बन रहा स्वास्थ्य व कारोबार के लिए बड़ा संकट
भोपाल, यशभारत। भोपाल के पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र में मेट्रो निर्माण कार्य के बीच चरमराई जल निकासी व्यवस्था अब गंभीर जनस्वास्थ्य और व्यापारिक संकट का रूप लेती जा रही है। नालियां चोक होने से गंदा पानी सड़कों और दुकानों के सामने बह रहा है, जिससे रहवासियों, दुकानदारों और राहगीरों के लिए सामान्य आवाजाही व रोज़मर्रा का कामकाज करना मुश्किल हो गया है।
सड़क पर पसरे गंदे पानी से उठती तीखी दुर्गंध ने आसपास के पूरे माहौल को प्रभावित कर दिया है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के चलते दुकानों के बाहर पानी जमा रहने से ग्राहकों की आवाजाही घट रही है और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी लगातार गहराता जा रहा है।
निर्माण कार्य के दौरान नालियों की नियमित सफाई और पानी की निकासी के वैकल्पिक इंतज़ाम न होने से स्थिति और भयावह हुई है। क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन व संबंधित कार्य एजेंसी से मांग की है कि चोक नालियों की अविलंब सफाई कराई जाए और गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को दुर्गंध, जलभराव और संभावित बीमारियों से राहत मिल सके।





