कटनी

अंतर्राज्यीय सायबर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, यूपीआई के माध्यम से खातों में ट्रांसफर कर लिए 1 लाख 88 हजार

कटनी, यशभारत। साइबर ठगी से जुड़े मामलों पर बड़ी कार्यवाही करते हुए कुठला पुलिस ने अंतरराज्जीय गिरोह के दो अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया ने बताया कि अंकित राय पिता परमानंद राय निवासी कछंगवा ने 1930 राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पोर्टल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुड़वारा शाखा के खाते से उसकी जानकारी एवं सहमति के बिना यूपीआई के माध्यम से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 90 हजार रुपये एवं 98 हजार यानि कुल 1 लाख 88 हजार रुपये अज्ञात व्यक्तियों के खातों में स्थानांतरित कर दिए गए। आवेदक द्वारा बैंक में जानकारी लेने पर साइबर धोखाधड़ी का पता चला। प्राप्त शिकायत एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 318 (4) का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। कुठला पुलिस ने तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों, बैंक ट्रांजेक्शन विवरण, यूपीआई आईडी, मोबाइल नम्बर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। लगातार तकनीकी जांच एवं पतासाजी के आधार पर आरोपी कुलदीप सिंह पिता भरत सिंह सोलंकी 22 वर्ष निवासी ग्राम रोलाना थाना सांगोद जिला कोट राजस्थान, शुभम मीणा उर्फ सानू पिता चिरंजीलाल मीणा 27 वर्ष निवासी ग्राम नीलम खुर्द थाना कोतवाली जिला सावाई माधोपुर राजस्थान की पहचान कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। साइबर ठगी से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं ठगी की राशि के सम्बंध में विस्तृत पूछताछ करने पर अन्य आरोपियों के सम्बंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। जिसके पश्चात दोनो आरोपियों को पूर्व में ही माननीय न्यायालय पेश किया गया जहां से आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश
मामले से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश के दौरान थाना इंदरगढ़ जिला बूंदी राजस्थान निवासी विधि विरुद्ध किशोर उम्र 17 वर्ष 10 माह को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उसने घटना घटित करना स्वीकार किया। जिसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं ब्लैंक चैक जप्त किया गया। जिसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कया गया जहाँ से उसे बाल सुधार गृह जबलपुर भेज दिया गया है। इस मामले के अन्य आरोपी विशाल प्रजापति पिता श्याम लाल प्रजापति उम्र 24 वर्ष निवासी राजा खेड़ी थाना सरसी जिला रतलाम मध्य प्रदेश हाल निवासी जावरा जिला रतलाम को गिरफ्तार किया गया। जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। कार्यवाही में थाना प्रभारी कुठला अखलेश दाहिया, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, आरक्षक विवेक शुक्ला, सायबर सेल कटनी एवं अन्य स्टॉफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button