न्यू मार्केट में खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की जांच, मिठाइयों और नमकीन के सैंपल लिए , अखबारी कागज पर जलेबी बेचने पर संचालक को चेतावनी

न्यू मार्केट में खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की जांच, मिठाइयों और नमकीन के सैंपल लिए
अखबारी कागज पर जलेबी बेचने पर संचालक को चेतावनी
भोपाल, यश भारत। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए न्यू मार्केट स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों, नमकीन और खाद्य तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए। एक प्रतिष्ठान पर जलेबी और मावा जलेबी अखबारी कागज पर बेचने का मामला सामने आया जिस पर संचालक को तत्काल व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी गई।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने ग्वालियर गजक एंड स्वीट्स भंडार में बेसन के लड्डू की शिकायत मिलने पर उसका नमूना लिया। वहीं आदर्श नमकीन सेंटर से नमकीन सेव और नमकीन तलने में इस्तेमाल किए जा रहे सोयाबीन तेल के नमूने संकलित किए गए। इसके अलावा सागर जलेबी कॉर्नर से जलेबी और मावा जलेबी के नमूने जांच के लिए लिए गए।
खुले में मिठाई बनाने और बेचने पर दी समझाइश
निरीक्षण के दौरान सागर जलेबी कॉर्नर पर जलेबी और मावा जलेबी का निर्माण एवं विक्रय खुले में किया जाना पाया गया। साथ ही, ग्राहकों को जलेबी अखबारी कागज पर बेचते हुए भी देखा गया। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को अखबारी कागज का उपयोग तत्काल बंद करने और खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए। मिठाइयों की बिक्री के लिए उपयुक्त खाद्य-ग्रेड सामग्री का उपयोग करने की समझाइश भी दी गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर लाइसेंस निरस्त करने सहित नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, सभी संकलित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और नमूना संकलन अभियान लगातार जारी रहेगा।







