मोबाइल शोरूम में सेंधमारी, 5 लाख के 50 स्मार्टफोन पार

कटनी, यशभारत। शहर के हृदय स्थल कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। आज तड़के सुबह बरही रोड स्थित एक प्रतिष्ठित मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोर दुकान से लगभग 50 महंगे स्मार्टफोन समेट ले गए, जिससे व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, बरही रोड स्थित अग्रवाल मोबाइल दुकान में यह चोरी सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि चोरों ने बड़े शातिराना तरीके से दुकान के भीतर प्रवेश किया। दुकान संचालक प्रफुल्ल अग्रवाल को जब घटना की भनक लगी, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। चोरों ने इस वारदात को बड़ी चालाकी से अंजाम दिया। वे अपने साथ भारी-भरकम डिब्बे ले जाने के बजाय काउंटर में रखे नए मोबाइल के बॉक्स मौके पर ही खोल दिए। केवल हैंडसेट (स्मार्टफोन) अपने साथ ले गए ताकि भागने में आसानी हो। चोरी गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
CCTV में कैद हुए 6 संदिग्ध
पुलिस को जांच के दौरान दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में 6 संदिग्ध बदमाश नजर आ रहे हैं, जो वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस इन चेहरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।








