
23 जनवरी को नेताजी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे जेपी नड्डा,
शताब्दी समारोह में कई दिग्गज होंगे शामिल
जबलपुर, यश भारत। सिटी बंगाली क्लब में सिद्धिबाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह का आयोजन 23 जनवरी शुक्रवार को प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगतप्रकाश नड्डा होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
प्रतिमा अनावरण के साथ शताब्दी स्तंभ का लोकार्पण
कार्यक्रमों की श्रृंखला में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण, शताब्दी स्तंभ का लोकार्पण तथा संस्था के संस्थापकों और पूर्वजों की फोटो गैलरी का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व सांसद जयश्री बैनर्जी को शताब्दी सम्मान प्रदान किया जाएगा और शताब्दी स्मारिका का विमोचन भी होगा। सभी अतिथियों का स्वागत और सम्मान पारंपरिक बंगला रीति-रिवाज से किया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्या और ऐतिहासिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी
शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें सलिल चौधरी, एस.डी. बर्मन और आर.डी. बर्मन को समर्पित विशेष प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही 1939 में नेताजी के जबलपुर आगमन से जुड़े दुर्लभ पत्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों का अवलोकन दर्शकों के लिए रखा जाएगा।
एसोसिएशन के सचिव प्रकाश साहा और पदाधिकारियों ने बताया कि बसंत पंचमी और नेताजी की जयंती (पराक्रम दिवस) के अवसर पर आयोजित यह समारोह संस्था की सौ वर्षों की सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत को समर्पित रहेगा।







