मुड़वारा स्टेशन के दूसरे छोर पर जल्द शुरू होगा प्रवेश द्वार का काम, रेलवे जीएम ने किया निरीक्षण, ग्रेड सेपरेटर का काम इस फाइनेंसशयल ईयर में पूरा कराने का फोकस

कटनी, यशभारत। पश्चिम मध्य रेल जबलपुर जोन के महाप्रबंधक दिलीप सिंह ने आज कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को करीब से देखा। खास तौर पर मुड़वारा स्टेशन के दूसरे सिरे पर बनने वाले प्रवेश द्वार को लेकर जबलपुर एवं कटनी के अधिकारियों के साथ विस्तार के साथ चर्चा की। मीडिया से बात करते हुए श्री सिंह ने कहा कि रेलवे का काम यात्रियों को सुविधा प्रदान करना है, जिसको लेकर लगातार प्रयास किया जा रहे है। इसी कड़ी में कटनी मुरवारा रेलवे स्टेशन में दूसरे छोर पर प्रवेश द्वार बनाए जाने की योजना पर काम किया जा रहा है। जल्द ही इसे अमल में लाने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि कटनी ग्रेड सेपरेटर के डाउन ट्रेक को इस फाइनेंशियल ईयर में कंप्लीट करने पर रेलवे का पूरा फोकस है। हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द यह काम पूरा हो और मालगाड़ियों का सुगमता के साथ परिचालन हो सके। रेल महाप्रबंधक श्री सिंह आज गुरुवार को एनकेजे का निरीक्षण करने के बाद शाम करीब 6:30 बजे कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां अधिकारियों की टीम के साथ उन्होंने मुड़वारा स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक, प्लेटफार्म क्रमांक 4 एवं 5 का बारीकी से निरीक्षण किया ल। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। निरीक्षण में उनके साथ जबलपुर से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा एवं इंजीनियरिंग एवं कमर्शियल डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारी भी साथ रहे। मीडिया से बात करते हुए जीएम श्री सिंह ने कहा कि कटनी रेलवे जंक्शन के विस्तार को लेकर भी योजना तैयार की गई है एवं जल्द ही इस योजना पर काम शुरू किया जाएगा। गायत्री नगर रेल पुलिया से एनकेजे जाने वाले मार्ग में आवागमन की समस्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि जब तक कटनी ग्रेड सेपरेटर का काम पूरा नहीं हो जाता तब तक सड़क के निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर काम शुरू नहीं किया जा सकता।






