विकास को लेकर महापौर का विजन जमीन पर उतर रहा
दो बस्तियों को मिलेगी जलभराव से राहत, 54.47 लाख के दो निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

विकास को लेकर महापौर का विजन जमीन पर उतर रहा
दो बस्तियों को मिलेगी जलभराव से राहत, 54.47 लाख के दो निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

कटनी,यशभारत। शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय समस्याओं के निराकरण को लेकर महापौर प्रीति संजीव सूरी की पहल पर विकास कार्यों को गति मिल रही है। इसी क्रम में राममनोहर लोहिया वार्ड के कुशवाहा नगर और हरिजन बस्ती में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए 54.47 लाख रुपये की लागत से दो निर्माण कार्य कराए जाएंगे। महापौर ने क्षेत्रीय पार्षद उमेंद्र अहिरवार एवं वार्डवासियों की मौजूदगी में दोनों कार्यों का भूमिपूजन किया।
कुशवाहा नगर में 25.34 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली और हरिजन बस्ती में 29.13 लाख रुपये की लागत से पक्के नाले का निर्माण कराया जाएगा। इन निर्माण कार्यों से दोनों बस्तियों में पानी की निकासी बेहतर होगी। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलने के साथ ही रहवासियों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सकेगा।
स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता, महापौर ने दोहराया विकास का संकल्प
महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि शहर के विकास की योजनाओं में प्रत्येक वार्ड की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। नाली और नाला निर्माण जैसे कार्य नागरिकों की रोजमर्रा की परेशानियों से सीधे जुड़े हैं। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ शहर के हर क्षेत्र तक पहुंचे और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलें। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने की बात कही। क्षेत्रीय पार्षद उमेंद्र अहिरवार ने कहा कि वार्ड की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। महापौर और नगर निगम प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, पार्षद शकुंतला सोनी एवं सीमा श्रीवास्तव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।







