कटनी

यशभारत फालोअप : फर्जी निकली ट्रांसपोर्टर की पावती, छेड़छाड़ कर बनाए गए दस्तावेज, एफआईआर की उठ रही मांग, हरदा, इंदौर के बाद देवास भी नहीं पहुंचा 6 ट्रक चावल

कटनी, यशभारत। 32 ट्रक चावल गायब होने के मामले में आज दो बड़े खुलासे हुए। हरदा जिले के नान प्रबंधक ने ट्रांसपोर्टर द्वारा पेश की गई पावती को तकनीकी उपयोग से कांटछांट एवं छेड़छाड़ कर बनाया हुआ बताया तो वहीं दूसरी तरफ 32 ट्रक चावल गायब होने के बाद अब देवास जिले में भी 6 ट्रक चावल नहीं पहुंचने की खबर सामने आई है। इसके अलावा इंदौर में भी 7 गाडिय़ां नहीं पहुंचने की जानकारी है। इस खबर से प्रशासनिक स्तर पर हडक़म्प मच गया है। हरदा जिला प्रबंधक ने बकायदा कटनी जिला प्रबंधक को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है। यशभारत को यह पत्र भी मिल गया है, जिसमे साफ-साफ लिखा है कि कटनी जिले से जारी 14 ट्रक चालान की जो पावती परिवहनकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई है, वह सही नहीं है। इस पत्र के बाद अन्य जिलों को सत्यापन के लिए भेजी गई पावती के फर्जी होने की संभावना बढ़ गई है। अब इंदौर और नीमच जिले से रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा कि ट्रांसपोर्टर भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस द्वारा जो पावती नान को दी गई है, वह कितनी सही है। पावती फर्जी होने के बाद ट्रांसपोर्टर भाग्यलक्ष्मी रोड लाइंस के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किए जाने की मांग उठने लगी है।
क्या लिखा है पत्र में
हरदा जिला प्रबंधक ने पत्र में लिखा है कि कटनी जिले के संदर्भित पत्र क्रमांक 1 से प्रेषित अ.13 के मिलान पश्चात जिला कार्यालय के संदर्भित पत्र क्रमांक 2 से जिले में 14 ट्रक प्राप्त नहीं होने के संबंध में अवगत कराया गया है एवं इसके पश्चात जिला कार्यालय द्वारा पत्र क्रमांक 3 संशोधित जीटीए एवं अ-13 मात्रा 20991.65 क्विंटल भेजे गये, जिसका मिलान जिला कार्यालय के रिकार्ड से होता है। आपके द्वारा पुन: संदर्भित पत्र क्रमांक-4 से परिवहनकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई पावती प्रेषित करते हुये इनकी पुष्टि करने के संबंध में लेख किया गया है। उपरोक्त संबंध में आपको अवगत कराया जाता है कि कटनी से हरदा को प्रेषित 14 ट्रकों का जिले के तीनों प्रदाय केन्द्र हरदा, टिमरनी एवं खिरकिया में केन्द्र प्रभारी एवं वेयरहाउस प्रभारी द्वारा मिलान किया गया है, जिसमें प्रदाय केन्द्रों द्वारा उक्त 14 ट्रक फोर्टीफाइड चावल अप्राप्त होने की पुष्टि की है। पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर हरदा, महाप्रबंधक परिवहन, वितरण मप्र स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन लिमि,भोपाल, क्षेत्रीय प्रबंधक मप्र स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन लिमिटेड नर्मदापुरम एवं जिला आपूर्ति अधिकारी हरदा को भेजी गई है।
देवास जिले में भी नहीं पहुंचा 6 ट्रक चावल
इंदौर, हरदा एवं नीमच जिलों को भेजे गए 32 ट्रक गायब होने के मामले की अभी जांच पूरी भी नहीं हो पाई थी कि एक नया मामला सामने आया है। अब देवास जिले को भेजे गए 6 ट्रक में 3760 बोरी 1880.16 क्विंटल चावल गायब होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक चालान क्रमांक एमओआरडी 25791981080, 650 बोरी, वजन 324.23 क्ंिवटल ट्रक क्रमांक एमपी 21 जेड ए 9847, चालान क्रमांक एमओआरडी 2579191426233, 660 बोरी, वजन 331.38 क्ंिवटल ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 7078, चालान क्रमांक एमओआरडी 25711182627603, 650 बोरी, वजन 323.63 ट्रक क्रमांक एमपी 20 जेडएल 4571, चालान क्रमांक एमओआरडी 257151927840, 600 बोरी, वजन 298.90 क्विंटल ट्रक क्रमांक एमपी 20एचबी 6748, चालान क्रमांक एमओआरडी 2571917255180, 600 बोरी, वजन 300.12 क्विंटल ट्रक क्रमांक एमपी 21 एचएच 1095, चालान क्रमांक 2572218223560, 600 बोरी, वजन 301.9, ट्रक क्रमांक एमपी 20 जेयू 9414 से भेजा गया था। अब खबर यह मिली है कि देवास जिले को भी यह चावल नहीं मिला है।
हरदा नान डीएम ने कहा : नहीं मिला 14 ट्रक चावल
यशभारत ने जब इस पूरे मामले को लेकर जब हरदा जिले के नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक गंगा भिड़े से बात की तो उनका कहना था कि 32 ट्रक चावल गायब होने के मामले का खुलासा होने के बाद कलेक्टर के आदेश पर जांच की गई, जिसमे पता चला कि हरदा जिले को 14 ट्रक फोर्टिफाइड चावल आज तक नहीं मिला है। इस सबंध में हमने कटनी कलेक्टर और कटनी नान कार्यालय को पत्र भी लिखा है।
भोपाल से निर्देश मिलते ही नीमच मेंं शुरू हुई जांच
वही इस पूरे मामले में नीमच के प्रभारी जिला प्रबंधक नान, जिला पंचायत सीईओ अजित सिंह ने यशभारत को बताया कि उन्हें भोपाल मुख्यालय से निर्देश प्राप्त हुए है। जांच के दौरान पता चला है नीमच को करीब 10 ट्रक फोर्टीफाइड चावल अप्राप्त है, इसमे हमने सम्बंधित विभाग और मुख्यालय को जानकारी प्रेषित की है, जांच जारी है।
ईओडब्ल्यू में शिकायत, एफआईआर और राशि वसूली की मांग
सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम ने पुलिस अधीक्षक, आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत भेजकर प्रकरण में एफआईआर दर्ज करने और दोषियों से गबन की राशि वसूलने की मांग की है। शिकायत में नागरिक आपूर्ति निगम तथा परिवहनकर्ता भाग्यलक्ष्मी रोड लाइंस को अनावेदक बनाया गया है।
अधिकारियों की भूमिका पर सवाल
इस मामले में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है। इतनी बड़ी मात्रा में चावल गंतव्य पर न पहुंचने के बावजूद संबंधित जिला कार्यालयों एवं कटनी कार्यालय द्वारा समय पर प्राप्ति का सत्यापन नहीं किया गया। बिना प्राप्ति प्रमाण पत्रों के मिलान के परिवहनकर्ता को बिलों का भुगतान व निपटारा कैसे किया गया, इसकी जांच आवश्यक है। ट्रकों के चालान, जीपीएस लोकेशन, टोल रिकॉर्ड एवं भंडार गृहों की प्राप्ति पंजियों का मिलान आज तक नहीं कराया जाना मिलीभगत की ओर इशारा करता है। भाग्यलक्ष्मी रोड लाइंस के विरुद्ध पूर्व में भी 36 ट्रक धान गायब होने का प्रकरण होने के बावजूद उसी फर्म को पुन: परिवहन कार्य दिया जाना अधिकारियों की संदिग्ध भूमिका को दर्शाता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button