कटनी

जैन धर्मशाला में आधिपत्य का विवाद, दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद कोतवाली में भी हाथापाई, पुलिस ने दर्ज की काउंटर एफआईआर

कटनी, यशभारत। जैन समाज की धर्मशाला को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद के बीच बुधवार की दोपहर दो पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। विवाद के बाद दोनों पक्ष अपनी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे। यहां भी एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की गई। कोतवाली के अंदर दो पक्षों के बीच झड़प से हडक़म्प मच गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर मामला दर्ज किया है। विदित हो कि चेतनोदय तीर्थ क्षेत्र की भूमि को लेकर चल रहा विवाद अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा था, इस बीच कोतवाली के सामने संचालित जैन पाठशाला और धर्मशाला की संपत्ति को लेकर नया विवाद सामने आया। बुधवार की दोपहर जैन धर्मशाला के दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बीच दोनों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। दोनों पक्ष रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे तो कोतवाली में भी एक बार फिर झड़प हो गई। पुलिस के पहुंचते ही किसी तरह मामला शांत हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है।
बेवजह विवाद कर रहे ट्रस्ट के लोग : संजय
दिगम्बर जैन पंचायत के अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि जैन धर्मशाला में पाश्र्वनाथ भगवान की मूर्ति विराजमान है। रोजाना यहां बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग दर्शन के लिए आ रहे हैं। बुधवार की दोपहर अनुदिश जैन और संदीप जैन विवाद करने के उद्देश्य से धर्मशाला पहुंचे। वे जूता पहनकर मंदिर के अंदर प्रवेश कर रहे थे। उन्हें रोका गया तो गाली-गलौज की गई और हाथापाई की गई। जिसमे अमित जैन और अरविन्द जैन को चोटें आई है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। श्री जैन का कहना है कि यह संपत्ति जैन समाज की है और वर्षों से यहां स्कूल संचालित होने के साथ ही धर्मशाला में धार्मिक और अन्य आयोजन होते रहे हैं।
कतिपय लोग पूरी समाज को गुमराम कर रहे : अनुराग
इस पूरे मामले को लेकर जैन पाठशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष अनुराग जैन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेरा बेटा बुधवार की दोपहर जैन धर्मशाला गया था, वहां संजय जैन, अरविन्द जैन और महेन्द्र जैन द्वारा मेरे बेटे से मारपीट की गई। इसके बाद मेरे बड़े भाई संदीप जैन वहां पहुंचे तो उनके साथ भी हाथापाई की गई। घटना की जानकारी लगते ही में कोतवाली पहुंचा तो वहां भी मेरे साथ मारपीट की गई। हाथापाई के दौरान मेरे गले से 100 ग्राम की सोने की चैन भी गायब हो गई। अनुराग जैन ने बताया कि मामले की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। श्री जैन ने कहा कि कतिपय लोग पूरी समाज को गुमराम करने का काम कर रहे हैं। इन लोगों के साथ पूरी समाज नहीं है। अनुराग जैन का कहना है कि उनके पुरखों ने 1913 में यह जमीन खरीदी थी और इस पर जो भवन बनाए गए, वो समाज के उपयोग के लिए दिए गए थे। जैन समाज इस संपति का मालिक नहीं है।
जैन पाठशाला पब्लिक ट्रस्ट : राकेश
्रराकेश जैन कक्का ने बताया है कि दिगंबर जैन धर्मशाला पाठशाला ट्रस्ट के अंतर्गत एवं दिगंबर जैन शिक्षण संस्था के अंतर्गत आता है जिसकी देखरेख जैन शिक्षण संस्था को करना चाहिए। जैन पाठशाला ट्रस्ट एक पब्लिक ट्रस्ट है, जिसमे एक ही परिवार के लोग रहकर इसको पारिवारिक ट्रस्ट बना रहे हैं, जो कि अनुचित है। संपत्ति सामाजिकजनों द्वारा दान में दी गई राशि और सहयोग से बनी है, जिसमें पाठशाला ट्रस्ट की आपत्ति अनुचित है। पाठशाला ट्रस्ट समाज से है। समाज पाठशाला ट्रस्ट से नहीं। श्री जैन ने कहा कि मेरे दादा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सेठ हुकुमचंद जैन और उनके सहयोगियों ने 1975 में दान लेकरी धर्मशाला का निर्माण कराया था, जहां मुनि संघ, माता जी संघ का प्रवास और अन्य सामाजिक कार्यक्रम वर्षों से होते आ रहे हैं।
दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि अरविंद जैन पिता विनोद कुमार जैन निवासी गांधीगंज की रिपोर्ट पर संदीप जैन, अनुदीश जैन एवं अनुराग जैन के खिलाफ धारा 296 बी, 115 (2), 351 (2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। इसी तरह दूसरे पक्ष के संदीप जैन पिता स्व. केशव कुमार जैन निवासी एच आई जी 12 हाऊसिंग बोर्ड कालोनी की रिपोर्ट पर अंरविंद जैन, संजय जैन, अमित जैन एवं महेन्द्र जैन के विरूद्ध धारा 296 बी, 115 (2), 351 (2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button