15 दिन में अवैध शराब के 465 मामले, 8 लाख रूपए की 1789 लीटर अवैध शराब जब्त

कटनी, यशभारत। पुलिस द्वारा अवैध शराब निर्माण विक्रय एवं परिवहन करने वाले माफियाओं के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। जिसके तहत जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में 15 दिवसीय अभियान चलाया गया, जिसके तहत अवैध गतिविधियों के विरुद्ध शराब माफियाओं के ठिकानों पर दबिश देकर प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध ऑपरेशन शिकंजा के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी एक्ट के तहत 465 प्रकरण दर्ज कर 465 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस द्वारा कुल 1789 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसमें 953 लीटर देशी शराब, 827 लीटर कच्ची शराब एवं 9 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल है। जब्त अवैध शराब की अनुमानित कीमत 8 लाख 32 हजार 320 रूपए आंकी गई है। कटनी पुलिस द्वारा अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त शराब भट्टियों को नष्ट किया गया। साथ ही शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए लगभग 17 क्विंटल महुआ लाहन का विनष्टीकरण किया गया।







