रायपुर के 1600 किलो पनीर मामले के बाद भोपाल में डेयरियों पर छापेमारी , तीन डेयरियों से पांच नमूने लिए, द माखन डेयरी के बताए गए तीनों पतों पर नहीं मिला कारोबार

रायपुर के 1600 किलो पनीर मामले के बाद भोपाल में डेयरियों पर छापेमारी
तीन डेयरियों से पांच नमूने लिए, द माखन डेयरी के बताए गए तीनों पतों पर नहीं मिला कारोबार
भोपाल, यश भारत। रायपुर में भोपाल के नाम से भेजे गए कथित 1600 किलो पनीर के मामले के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर में डेयरियों और पनीर विक्रय प्रतिष्ठानों की सघन जांच शुरू कर दी है। बुधवार को कान्हा डेयरी, खुशी डेयरी और भोज फूड्स का निरीक्षण कर पनीर के पांच नमूने जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मीडिया रिपोर्ट में उल्लेखित द माखन डेयरी के काला पानी, इंद्रपुरी और शाहपुरा स्थित तीन पतों का भौतिक सत्यापन किया। तीनों स्थानों पर डेयरी कारोबार संचालित नहीं मिला। विभाग के अनुसार रायपुर में हुई कथित जब्ती से संबंधित आधिकारिक दस्तावेज भी अब तक प्राप्त नहीं हुए हैं। विभाग ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक पनीर के 111 नमूने लिए गए हैं। इनमें 15 अमानक, 57 मानक पाए गए, जबकि 39 की रिपोर्ट लंबित है। अमानक नमूनों के मामलों में न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए गए हैं। विभाग अब अंतरराज्यीय पनीर आपूर्ति नेटवर्क और परिवहन दस्तावेजों की भी जांच कर रहा है।







