विवाद के बाद पत्नी ने ड्रिल मशीन की रॉड से किया सिर पर वार, कुएं में गिरने से मौत; साले-भांजे संग तीन गिरफ्तार

विवाद के बाद पत्नी ने ड्रिल मशीन की रॉड से किया सिर पर वार, कुएं में गिरने से मौत; साले-भांजे संग तीन गिरफ्तार
गुनगा क्षेत्र में कुआं खोदने के दौरान हुआ था विवाद, शव ठिकाने लगाने परवलिया सड़क के जंगल में फेंका
भोपाल, यशभारत। परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसकी पत्नी ने ही ड्रिल मशीन की रॉड से सिर पर वार कर की थी। घटना के बाद साले और भांजे ने शव को कुएं से निकालकर दूसरे थाना क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के मामले में पत्नी, साले, भांजे और खेत मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा के अनुसार, सोमवार को बगोनिया के जंगल में लाल तालाब के पास युवक का शव मिला था, जिसकी पहचान रायसेन जिले के ग्राम चांदपुर निवासी रमेश बंजारा (35) के रूप में हुई थी। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पड़ताल में पता चला कि रमेश अपनी पत्नी मीना बाई, साले लक्ष्मण और भांजे जगदीश के साथ कुआं खोदने का काम करता था। बीते कुछ दिनों से सभी गुनगा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरी में भारत सिंह के खेत पर कुआं खोद रहे थे। रविवार शाम काम खत्म होने के बाद रमेश और मीना बाई के बीच किसी बात पर विवाद हो गया और मारपीट की नौबत आ गई। इसी दौरान नाराज मीना बाई ने पास रखी ड्रिल मशीन की रॉड से रमेश के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह कुएं में जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, वारदात छिपाने के उद्देश्य से लक्ष्मण और जगदीश ने शव को वहां से हटाया और परवलिया सड़क क्षेत्र के ग्राम बगोनिया के जंगल में फेंक दिया। घटना की जानकारी खेत मालिक भारत सिंह को भी थी, लेकिन उसने पुलिस को सूचना नहीं दी। मामले में चारों आरोपियों पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मीना बाई, लक्ष्मण और जगदीश को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि खेत मालिक की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







