टिटोड़ी घाट हत्याकांड में नई कड़ियां: मृतक की पहचान अन्नू उर्फ अनुज के रूप में हुई, पुराने विवाद पर पुलिस की नजर

टिटोड़ी घाट हत्याकांड में नई कड़ियां: मृतक की पहचान अन्नू उर्फ अनुज के रूप में हुई, पुराने विवाद पर पुलिस की नजर
भोपाल, यशभारत। छोला थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी स्थित टिटोड़ी घाट पर बुधवार सुबह मिले युवक के शव के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ अहम जानकारियां सामने आई हैं। मृतक की शिनाख्त अन्नू उर्फ अनुज श्रीवास पिता वीरसिंह, निवासी शिवशक्ति नगर, छोला के रूप में की गई है। पुलिस अब पुराने विवाद, संदिग्धों की गतिविधियों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल के पास बनी मल्टी के एक रहवासी की सूचना पर बुधवार सुबह छोला थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। प्रारंभिक जांच में युवक की पीठ और गर्दन पर धारदार हथियार से दो वार किए जाने के निशान पाए गए हैं, जबकि सिर पर पत्थरों से हमला कर कुचले जाने की स्थिति मिली और शव के सिर के ऊपर दो पत्थर पड़े मिले।
डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला के अनुसार, मृतक के खिलाफ छोला मंदिर थाने में पहले से आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, परिजनों ने फिलहाल किसी व्यक्ति पर सीधा संदेह नहीं जताया है और बताया गया है कि युवक घटना से एक दिन पहले तक घर पर मौजूद था।
छोला पुलिस इस पहलू पर भी पड़ताल कर रही है कि हत्या टिटोड़ी घाट पर ही की गई या कहीं और वारदात के बाद शव यहां फेंका गया। मामले में मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है और घटना से पहले साथ देखे गए दो संदिग्ध युवकों की तलाश जारी है। पुलिस पुराने विवाद और रंजिश के एंगल से आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है।







