अशोक गार्डन में अनियंत्रित लोडिंग वाहन चाय की दुकान में घुसा , 80 फीट रोड पर हादसे से मची अफरा-तफरी, दुकान को पहुंचा नुकसान, मौके पर जुटी भीड़

अशोक गार्डन में अनियंत्रित लोडिंग वाहन चाय की दुकान में घुसा
80 फीट रोड पर हादसे से मची अफरा-तफरी, दुकान को पहुंचा नुकसान; मौके पर जुटी भीड़
भोपाल,यश भारत। राजधानी के अशोक गार्डन क्षेत्र में 80 फीट रोड पर एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित लोडिंग वाहन सड़क किनारे संचालित चाय की दुकान में जा घुसा। वाहन की टक्कर से दुकान को काफी नुकसान पहुंचा। अचानक हुए हादसे से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोडिंग वाहन अचानक अनियंत्रित हुआ और सीधे सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान में जा घुसा। दुकान के पास एक ठेला भी खड़ा था, जो वाहन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, दुकान को हुए नुकसान से दुकानदार को परेशानी उठानी पड़ी। फिलहाल लोडिंग वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा बनी हुई है।







