500 सरकारी सेवाएं अब एक ही आईडी से, बार-बार पंजीयन और पासवर्ड के झंझट से मिलेगी राहत

500 सरकारी सेवाएं अब एक ही आईडी से, बार-बार पंजीयन और पासवर्ड के झंझट से मिलेगी राहत
प्रमाण पत्र से लेकर लाइसेंस और गैस बुकिंग तक, एक ही लॉगिन से आसान होंगी सेवाएं
भोपाल, यशभारत। प्रदेश के नागरिकों को अलग-अलग सरकारी विभागों की सेवाओं का लाभ लेने के लिए अब कई पोर्टल पर अलग-अलग आईडी और पासवर्ड बनाने की परेशानी से निजात मिलने जा रही है। राज्य सरकार करीब 500 सरकारी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है, जिसके लिए ‘जन परिचय – मेरी पहचान’ प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद आवेदकों को एक ही लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसके तहत नागरिकों को जनपरिचय प्लेटफॉर्म पर एक बार अपनी प्रोफाइल का सत्यापन कराना होगा। सत्यापन पूरा होने के बाद उनकी बुनियादी जानकारी अन्य एकीकृत सरकारी पोर्टल्स पर भी स्वतः उपयोग की जा सकेगी, जिससे हर विभाग की वेबसाइट पर बार-बार पंजीयन और विवरण भरने की जरूरत कम होगी।
योजना के अनुसार आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आवेदन, एलपीजी गैस बुकिंग और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी रोजमर्रा व जरूरी सेवाओं तक पहुंच को अधिक सरल और सुगम बनाया जाएगा। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर डिजिलॉकर की सुविधा भी जोड़ने की तैयारी है, ताकि नागरिक अपने आवश्यक डिजिटल दस्तावेज एक ही व्यवस्था के तहत आसानी से प्राप्त कर सकें। वर्तमान में अलग-अलग विभागों के पोर्टल पर सेवाओं के लिए अलग लॉगिन करना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों खर्च होते हैं।







