भोपालमध्यप्रदेश

रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे युवक की थार की टक्कर में मौत; बहनोई की हालत नाजुक

रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे युवक की थार की टक्कर में मौत; बहनोई की हालत नाजुक

भोपाल, यशभारत। राजधानी के परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के मुबारकपुर जोड़ पर हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गुरुवार को एक करीबी महिला रिश्तेदार की डिलीवरी के बाद उनसे मिलकर बाइक से लौट रहे 26 वर्षीय युवक की अज्ञात थार की टक्कर में मौत हो गई, जबकि हादसे में उसका बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार सुबह हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, बैरसिया निवासी जसपाल अहिरवार (26) पिता हरि सिंह अहिरवार अयोध्या बायपास स्थित एक ढाबे पर काम करता था और वहीं रह रहा था। गुरुवार को परिवार में एक महिला रिश्तेदार की डिलीवरी होने की सूचना पर जसपाल अपने बहनोई विक्रम के साथ परवलिया स्थित अस्पताल में हालचाल जानने और खुशियां बांटने गया था।

रिश्तेदार से मुलाकात के बाद दोनों बाइक से भोपाल लौट रहे थे। इसी दौरान मुबारकपुर जोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर जुटे राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान जसपाल की मौत हो गई, वहीं बहनोई विक्रम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परवलिया सड़क थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात थार व चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button