सड़क हादसे ने उजाड़ी खुशियां: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से नवविवाहिता की मौत, 5 वर्षीय मासूम के दोनों पैर कटे

सागर, यशभारत l सागर-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे-44 पर झराघाटी (झुरा घाटी) के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और ट्रक की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में 23 वर्षीय नवविवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता और पांच वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है, जहां मासूम के दोनों पैर कटने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर जिले के मोहिनी निवासी छुट्टन महोविया (58) अपनी बेटी नंदिनी महोविया (23), दामाद पवन अहरवाल तथा भतीजे हिमांशु (5) के साथ मोटरसाइकिल से अपने घर बोहानी जा रहे थे। इसी दौरान झराघाटी के समीप पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
घटना में नंदिनी महोविया की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं बाइक चला रहे छुट्टन महोविया गंभीर रूप से घायल हो गए और पांच वर्षीय हिमांशु के दोनों पैर कट गए। मौके पर मौजूद लोगों व परिजनों की मदद से घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया, जिसके बाद नाजुक स्थिति को देखते हुए दोनों को जबलपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
देवरी की कुसुम विहार कॉलोनी में रहने वाले शिक्षक सीताराम लड़िया ने बताया कि नंदिनी उनकी साली थीं, लेकिन वह बेटी की तरह उनके साथ रहकर पढ़ाई करती थीं। नंदिनी का विवाह इसी वर्ष अप्रैल माह में ग्राम छिदली निवासी पवन अहरवाल के साथ हुआ था। शादी को अभी आठ महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों द्वारा मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया है, जबकि जबलपुर में भर्ती पिता और मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है।







