मुख्य ख़बरें

लूट के बाद हत्या ? : होटल के बंद कमरे में फैला था खून, युवक की संदिग्ध मौत, 1.75 लाख कैश और वाहन नदारद

सागर, यशभारत l शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंक रोड स्थित ‘स्मार्ट बार’ (होटल) में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामबाग (बड़ा बाजार, सागर) निवासी शुभम उर्फ शिवम अग्रवाल के रूप में हुई है। परिजनों ने मामले को संदेहास्पद बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुभम  होटल के कमरे में ठहरा हुआ था। बीते दिन जब कमरे से तेज बदबू आने लगी, तो होटल कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कमरा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया, जहां युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक शव करीब दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

परिजनों ने उठाए सवाल, लूट व हत्या का आरोप

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने घटना पर गहरे सवाल उठाते हुए कहा कि कमरे के अंदर खून बिखरा हुआ था। उन्होंने तर्क दिया कि फांसी लगाने या सामान्य आत्महत्या के मामले में इस तरह खून नहीं बिखरता, जिससे साफ जाहिर होता है कि युवक के साथ कोई अनहोनी हुई है।
इसके साथ ही परिजनों ने आरोप लगाया कि शुभम के पास करीब 1,75,000 रुपये नगद, कान की बाली और हाथ का चांदी का कड़ा था, जो मौके से गायब हैं। इतना ही नहीं, उसकी फोर-व्हीलर और टू-व्हीलर गाड़ियों का भी कोई पता नहीं चल रहा है। परिजनों का अंदेशा है कि लूट के इरादे से हत्या की गई हो सकती है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और रिपोर्ट के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस का वक्तव्य: मामले में मर्ग कायम कर हर पहलू से सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button