शूटआउट एट वडाला’ के निर्देशक संजय गुप्ता का निधन, फिल्म इंडस्ट्री में पसरा मातम
संजय गुप्ता के निधन से इंडस्ट्री में पसरा मातम

जबलपुर,यश भारत। फिल्ममेकर संजय गुप्ता का निधन हो गया है। ‘शूटआउट एट वडाला’ के निर्देशक ने 30 अक्टूबर 2026 को अंतिम सांस ली। हालांकि, उनकी मौत की वजह को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि बीती रात गुप्ता अपने बाथरूम में गिर गए थे। सुबह तक किसी को इस घटना के बारे में पता नहीं चला। 31 अक्टूबर की सुबह जब यह बात सामने आई तब तक गिरने के कारण उनकी मौत हो चुकी थी। उनके निधन की खबर की पुष्टि एक दोस्त ने की है। परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
संजय गुप्ता की मौत की वजह आई सामने
वर्सोवा पुलिस थाना क्षेत्र में हिंदी फिल्मों के निर्माता संजय गुप्ता की मौत होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बीती रात घर में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़े। इस दौरान उनके सिर में चोट लगने से खून बहने लगा, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। घटना के समय बंगले में उनके साथ पत्नी, दो बच्चे और घरेलू सहायिका मौजूद थे। परिवार के सभी सदस्य रात में सो रहे थे। सुबह उठने पर इस घटना की जानकारी मिली। परिवार की ओर से फिलहाल किसी तरह का संदेह या शिकायत नहीं जताई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वर्सोवा पुलिस आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
संजय गुप्ता के निधन से इंडस्ट्री में पसरा मातम
फिल्म जगत के लोग और प्रशंसक गहरे सदमे में हैं। तुषार कपूर और कमाल आर. खान जैसी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर फिल्म निर्माता को याद किया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अपने X हैंडल पर एक्टर तुषार कपूर ने लिखा, ‘सुबह उठते ही मेरे प्रिय निर्देशक @_SanjayGupta के अचानक और दुखद निधन की खबर मिली… जिंदगी कितनी अनिश्चित है, लेकिन वे एक ऐसी मिसाल थे जिन्होंने जिंदगी को पूरी तरह से जीना सिखाया! उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, RIP सर!’







