मुख्य ख़बरें

सिवनी में रात 11:24 बजे भूकंप जैसे झटको की चर्चा : दहशत में घरों से बाहर निकले लोग,सोशल मीडिया पर देर रात तक होती रही चर्चा… देखें पूरा वीडियो

झटकों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं

सिवनी यश भारत। जिला मुख्यालय सिवनी में बुधवार रात करीब 11 बजकर 24 मिनट पर भूकंप जैसे झटके महसूस होने और तेज आवाज सुनाई देने की चर्चा से लोगों में हलचल मच गई। अचानक हुई इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग एक-दूसरे से जानकारी साझा करने लगे। कुछ लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।

 

हालांकि, खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि आवाज वास्तव में भूकंप के कारण आई थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

प्रत्यक्ष अनुभव साझा करने वाले लोगों के बीच घटना को लेकर अलग-अलग चर्चाएं होती रहीं। रात के समय अचानक सुनाई दी आवाज और संभावित कंपन ने लोगों को बीते वर्ष की घटनाओं की याद दिला दी। पिछले वर्ष बारिश के बाद भी कुछ लोगों ने इसी तरह के झटके महसूस होने की बात कही थी। इस बार फिर ऐसी चर्चा सामने आने से नागरिकों के बीच उत्सुकता और चिंता का माहौल बन गया।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

फिलहाल घटना की प्रकृति, संभावित भूकंपीय गतिविधि और उसके केंद्र को लेकर कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। केवल आवाज सुनाई देने या कंपन महसूस होने के आधार पर इसे भूकंप घोषित नहीं किया जा सकता। इसकी पुष्टि के लिए भूकंप निगरानी केंद्रों के रिकॉर्ड और संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों की जानकारी आवश्यक है।
भूकंप की तीव्रता, केंद्र और गहराई जैसी जानकारियां भी आधिकारिक आंकड़े मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकती हैं।

घबराएं नहीं, सावधानी बरतें

विशेषज्ञों के अनुसार, तेज धमाके जैसी आवाज या कंपन के पीछे अलग-अलग कारण हो सकते हैं। इसलिए बिना पुष्टि के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। यदि दोबारा झटके महसूस हों, तो मजबूत मेज के नीचे बैठकर सिर और गर्दन को सुरक्षित रखें तथा खिड़कियों, शीशों और भारी सामान से दूरी बनाएं। झटके रुकने के बाद सुरक्षित रास्ते से बाहर निकलें और लिफ्ट का इस्तेमाल न करें।

फिलहाल सिवनी में बुधवार रात हुई घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा जारी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि संबंधित एजेंसियों की जांच या निगरानी रिकॉर्ड से इस आवाज और संभावित कंपन के संबंध में क्या जानकारी सामने आती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button