दिव्यांग की फरियाद सुनने जमीन पर बैठे निगमायुक्त संवेदनशीलता के साथ सुनी समस्या
जनसुनवाई में मिले 42 आवेदन, संबंधित अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

जबलपुर, यश भारत। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण देखने को मिला। अपनी समस्या लेकर पहुंचे एक दिव्यांग आवेदक की फरियाद सुनने के लिए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार अपनी कुर्सी छोड़कर जमीन पर बैठ गए। उन्होंने आत्मीयता के साथ आवेदक की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। निगमायुक्त के इस व्यवहार की जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने सराहना की। इस दौरान अधिकारियों को समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और आवेदकों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने के निर्देश भी दिए गए।नगर निगम की जनसुनवाई में कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें अतिक्रमण, राजस्व, स्वास्थ्य, कॉलोनी सेल, जल प्रदाय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। निगमायुक्त ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

मौके पर किया गया समस्याओं का निराकरण
निगम प्रशासन के अनुसार, राजस्व और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी कुछ शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे संबंधित आवेदकों को राहत मिली। शेष आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जनसुनवाई के दौरान निगमायुक्त ने शिकायतों के निराकरण में तत्परता बरतने और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने पर जोर दिया।






