भोपाल आईएसबीटी पर महिला यात्री से 2.60 किलो मेथामफेटामाइन जब्त, कीमत 2.08 करोड़

भोपाल आईएसबीटी पर महिला यात्री से 2.60 किलो मेथामफेटामाइन जब्त, कीमत 2.08 करोड़
– बैकपैक और पर्स की सीक्रेट पॉकेट में छिपाकर ले जा रही थी नशे की खेप, डीआरआई ने एनडीपीएस एक्ट में की कार्रवाई
भोपाल, यश भारत । डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की भोपाल यूनिट ने इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर कार्रवाई करते हुए एक महिला यात्री के पास से 2 किलो 604 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 2.08 करोड़ रुपए आंकी गई है। महिला मादक पदार्थ को बैकपैक और पर्स में बनी गुप्त जेबों में छिपाकर ले जा रही थी। डीआरआई ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
दिल्ली से बेंगलुरु जा रही थी बस
डीआरआई अधिकारियों को सूचना मिली थी कि दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक बस में सफर कर रही महिला के पास बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने निगरानी शुरू की। बुधवार तड़के बस के भोपाल स्थित आईएसबीटी पहुंचने पर महिला के सामान की तलाशी ली गई।
दो अलग-अलग जगहों से मिली खेप
तलाशी के दौरान महिला के बैकपैक में बनी सीक्रेट पॉकेट से 1 किलो 885 ग्राम और पर्स से 719 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। दोनों जगह से मिले पदार्थ का कुल वजन 2 किलो 604 ग्राम निकला। डीआरआई ने मादक पदार्थ जब्त कर लिया है। मामले में महिला से पूछताछ की जा रही है, ताकि खेप के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।







