दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, दूसरा घायल

सागर, यशभारत । मोतीनगर थाना क्षेत्र के सिहोरा-बमोरी मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान सिहोरा निवासी अभिषेक राजपूत के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिहोरा निवासी अभिषेक राजपूत अपने साथी के साथ कार में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अभिषेक राजपूत को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक का इलाज जारी है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित ट्रक को जप्त कर लिया है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







