कलियासोत डैम पर चाकू की नोक पर चार चेन लूटीं, तीन बदमाश गिरफ्तार , युवक-युवतियों को बनाया निशाना, बाइक सवार बदमाशों ने धमकाकर उतरवाई थीं सोने-चांदी की चेन

कलियासोत डैम पर चाकू की नोक पर चार चेन लूटीं, तीन बदमाश गिरफ्तार
युवक-युवतियों को बनाया निशाना, बाइक सवार बदमाशों ने धमकाकर उतरवाई थीं सोने-चांदी की चेन
भोपाल, यश भारत। राजधानी के कलियासोत डैम पर घूमने पहुंचे युवक-युवतियों को चाकू की नोक पर धमकाकर चार चेन लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई दो सोने, एक चांदी और एक नकली चेन बरामद की है। जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा अपनी सहेली और दो दोस्तों के साथ कलियासोत डैम घूमने पहुंची थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और चारों को चाकू दिखाकर धमकाया। आरोपियों ने डराकर सभी के गले से चेन उतरवा ली और मौके से फरार हो गए। शुरुआत में मामला सामने नहीं आया, लेकिन परिजनों की पूछताछ के दौरान लूट की पूरी घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद रातीबड़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने घटनास्थल से मिले हुलिए और बाइक के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामपाल, बलराम और सौरव उर्फ बारिक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटी गई चारों चेन बरामद कर ली गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी बलराम के खिलाफ पहले से मारपीट और चोरी के चार मामले दर्ज हैं। वहीं सौरव के खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।







