शाहपुरा के हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 15 आरोपी गिरफ्तार इंडेक्स अपार्टमेंट के फ्लैट में सज रही थी जुए की महफिल, 8 लग्जरी कारें, 20 मोबाइल और 94 हजार 690 रुपये नकद जब्त

शाहपुरा के हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 15 आरोपी गिरफ्तार
इंडेक्स अपार्टमेंट के फ्लैट में सज रही थी जुए की महफिल, 8 लग्जरी कारें, 20 मोबाइल और 94 हजार 690 रुपये नकद जब्त
भोपाल,यश भारत। राजधानी भोपाल के शाहपुरा इलाके में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है।

गौरव ग्रीन गार्डन के सामने स्थित इंडेक्स अपार्टमेंट के एक फ्लैट में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने छापा मारकर 15 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंडेक्स अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर C-02 में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने सर्च वारंट प्राप्त कर फ्लैट पर दबिश दी। मौके पर कई लोग ताश के पत्तों के जरिए हार-जीत का दांव लगाते हुए मिले। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 94 हजार 690 रुपये नकद करीब 12 लाख रुपये कीमत के 20 मोबाइल फोन और लगभग 80 लाख रुपये कीमत के 8 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। इसके अलावा मौके से 52 ताश के पत्ते भी बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए मशरूके की कुल कीमत 92 लाख 94 हजार 690 रुपये है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अपार्टमेंट के फ्लैट में जुए का यह अड्डा कब से संचालित हो रहा था और इस गतिविधि में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।







