Top-5इंदौरकटनीग्वालियरजबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरेंराज्य

पेट्रोल पंप पर डकैती की साजिश नाकाम, चार गिरफ्तार,दो फरार

(आकाश पाण्डेय )जबलपुर, यशभारत। शारदा चौक स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की बड़ी साजिश को गढ़ा थाना पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। मदनमहल पहाड़ी पर दरगाह के पास एक बड़े पत्थर की आड़ में बैठकर छह युवक डकैती की योजना बना रहे थे। उनके पास चाकू, हथौड़ी, छेनी, पिचिस और लोहे की टॉमी जैसे हथियार थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई लूट, झपटमारी, चाकूबाजी और डकैती सहित करीब 10 वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 लाख रुपए का मशरूका भी जब्त किया है।

किसके पास से क्या मिला

तलाशी के दौरान अतुल साहू से बटनदार चाइना चाकू और लोहे की हथौड़ी, आयुष कोल से बटनदार चाकू और पिचिस, समीर खान से बटनदार चाकू और लोहे की छेनी तथा विधि विवादित बालक से लोहे की टॉमी बरामद की गई।

IMG 20261116 WA0029 2

पूछताछ में खुलीं 10 वारदातों की कड़ियां

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 10 आपराधिक वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। इनमें संजीवनी नगर में मंगलसूत्र लूट और चाकूबाजी, मदनमहल में झपटमारी, गढ़ा में लूट, झपटमारी, हत्या के प्रयास और चाकूबाजी की दो घटनाएं, रांझी में लूट तथा पनागर में डकैती की वारदात शामिल हैं।

स्कूटी, पल्सर और मोबाइल सहित 5 लाख का मशरूका जब्त

1794843666 IMG 20261116 19511343

आरोपियों की निशानदेही पर पनागर की डकैती और रांझी की लूट में इस्तेमाल मोबाइल फोन के अलावा वारदातों में प्रयुक्त स्कूटी और पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एएसपी पल्लवी शुक्ला और सीएसपी गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने डकैती की साजिश को नाकाम किया। कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय गुर्जर, राजेन्द्र अहिरवार सहित प्रधान आरक्षक नीरज तिवारी, ज्ञानेन्द्र पाठक और आरक्षक निकिन रावत, रत्नेश राय, भगवान पटैल, जितेन्द्र कटारे, सुरेन्द्र विश्वकर्मा, धीरेन्द्र शुक्ला एवं पवन तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button