बेल्डर से बदमाशों ने पर्स और नगदी चार हजार लूटे -अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज

बेल्डर से बदमाशों ने पर्स और नगदी चार हजार लूटे
-अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
शाहजहांनाबाद इलाके में अज्ञात बदमाशों ने एक बेल्डर से मारपीट कर पर्स व नगदी करीब चार हजार रूपए लूट लिए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एसआई माधव सिंह परिहार ने बताया कि बीना जिला सागर निवासी बंटी अहिरवार पुत्र छोटे लाल(37) फेब्रिकेशन बेल्डिंग का काम करता है। पिछले दिनों उसकी बेल्डिंग मशीन खराब हो गई थी। जिसे सुधरवाने के लिए वह कल भोपाल पहुंचा था। दोपहर करीब एक बजे वह मशीन लेकर भोपाल टॉकीज स्थित एक मैकेनिक के पास पहुंचा। जहां पर मैकेनिक ने उसे बताया कि मशीन को सुधारने में समय लगेगा और एक घंटे बाद आने को कहा। इस कारण फरियादी चौराहा के पास स्थित बड़ा बाग पहुंच गया। जहां पर दो अज्ञात बदमाशों ने उसे अकेला पाकर मारपीट की और डरा-धमकाकर पर्स छीन लिया और उसमें रखे चार हजार रूपए लूट लिए। इस दौरान एक बदमाश ने उसका मोबाइल छीना तो दूसरे ने यह कहते हुए मोबाइल वापस करा दिया कि मोबाइल वापस दे, जबरन की उलझन नहीं पालना है। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। वारदात के बाद फरियादी ने थाने पहुंच कर शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।







