न्यू मार्केट में निगम का एक्शन, दो ट्रक सामान जब्त , अतिक्रमण हटाने के साथ फायर मॉकड्रिल, अग्निशमन वाहनों की आवाजाही परखी दुकानदारों को बताए आग से बचाव के उपाय

न्यू मार्केट में निगम का एक्शन, दो ट्रक सामान जब्त
अतिक्रमण हटाने के साथ फायर मॉकड्रिल, अग्निशमन वाहनों की आवाजाही परखी दुकानदारों को बताए आग से बचाव के उपाय
भोपाल यश भारत। न्यू मार्केट में अतिक्रमण और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने बुधवार को संयुक्त कार्रवाई की। निगम के अतिक्रमण अमले और अग्निशमन विभाग की टीम ने बाजार में अतिक्रमण हटाने के साथ फायर मॉकड्रिल भी की। इस दौरान दुकानों के बाहर और हॉकर्स द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ट्रक सामान जब्त किया गया। जब्त सामग्री को अतिक्रमण स्टोर भेज दिया गया। यह कार्रवाई दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:45 बजे तक चली। इसका उद्देश्य बाजार में अग्निशमन वाहनों की आवाजाही सुगम बनाना और आपात स्थिति में आग बुझाने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को परखना था।

फायर वाहनों के आवागमन का किया परीक्षण
कार्रवाई के दौरान न्यू मार्केट के व्यावसायिक क्षेत्र में अग्निशमन वाहनों को बाजार से गुजारकर उनके सफल आवागमन का परीक्षण किया गया। साथ ही दुकानदारों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बाजार में रास्ते खुले रखने और अग्निशमन वाहनों की आवाजाही में बाधा नहीं आने देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
व्यापारी संघ के साथ बैठक के बाद कार्रवाई
नगर निगम मुख्यालय में 13 अक्टूबर को अपर आयुक्त अग्निशमन विभाग की अध्यक्षता में न्यू मार्केट व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। इसमें बाजार की फायर सुरक्षा और अतिक्रमण की समस्या पर चर्चा की गई थी। इसी बैठक के बाद अगले दिन संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई में नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी अपने अमले के साथ तथा फायर ऑफिसर अग्निशमन दल के साथ शामिल रहे। निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने के साथ आग जैसी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य को सुचारु
बनाना है।







