दिवाली-छठ पर दिल्ली से हावड़ा, सुपौल, भागलपुर के लिए स्पेशल ट्रेनों का ऐलान; चेक करें पूरा शेड्यूल
आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल

नई दिल्ली,यश भारत। दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग को देखते हुए उत्तर रेलवे ने तीन फेस्टिवल रिजर्व्ड स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये ट्रेनें दिल्ली से भागलपुर, सुपौल और हावड़ा के बीच चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के संचालन से बिहार और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल
ट्रेन नंबर 04062 आनंद विहार टर्मिनल से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी। इसका संचालन 10 अक्टूबर से 25 नवंबर तक होगा। वापसी में ट्रेन नंबर 04061 भागलपुर से शाम 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। यह ट्रेन 11 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगी। इसके प्रमुख ठहराव अलीगढ़, टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज, गया, नवादा, किऊल, जमालपुर और सुल्तानगंज हैं।
नई दिल्ली-सुपौल स्पेशल
ट्रेन नंबर 04072 नई दिल्ली से रात 9:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:35 बजे सुपौल पहुंचेगी। यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04071 सुपौल से सुबह 7:45 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इसका संचालन 3 अक्टूबर से 30 नवंबर तक होगा। रास्ते में गाजियाबाद, अलीगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, खगड़िया और सहरसा समेत कई स्टेशन आएंगे।
नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल
ट्रेन नंबर 04052 नई दिल्ली से प्रत्येक शुक्रवार शाम 6:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। यह सेवा 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04051 हावड़ा से प्रत्येक रविवार रात 1:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक चलेगी। इसके प्रमुख ठहराव प्रयागराज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, पटना, किऊल, झाझा, जसीडीह, आसनसोल और बर्द्धमान हैं।







