बाल विवाह के खिलाफ डटी झाबुआ की हीमा, डेविड बेकहम ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर की सराहना
जबलपुर,यश भारत।

जबलपुर,यश भारत। मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले की 17 वर्षीय हीमा निनामा के साहस की कहानी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गई है। बाल विवाह का विरोध कर अपनी पढ़ाई जारी रखने वाली हीमा की कहानी इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉल स्टार और यूनिसेफ के सद्भावना राजदूत डेविड बेकहम ने विश्व बाल दिवस पर सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने हीमा के साहस की सराहना करते हुए कहा कि सही सहयोग और अवसर मिलने पर लड़कियां अपने जीवन के फैसले खुद ले सकती हैं। झाबुआ के बरखेड़ा गांव की रहने वाली हीमा जब कक्षा 11वीं में पढ़ रही थी, तब परिवार ने उसका विवाह तय कर दिया था। हीमा पढ़ाई जारी रखना चाहती थी, इसलिए उसने शादी से इनकार कर विद्यालय के शिक्षकों से मदद मांगी। सांदीपनि विद्यालय, कल्याणपुरा के प्राचार्य जीपी ओझा और अन्य शिक्षकों ने परिवार को समझाया। उनके प्रयासों से बाल विवाह रुक गया।हीमा ने कक्षा 11वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। वर्तमान में वह कक्षा 12वीं की छात्रा है और शिक्षक बनकर दूसरी बेटियों को शिक्षा के लिए प्रेरित करना चाहती है।महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार बाल विवाह रोकने के लिए कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ बेटियों और अभिभावकों को जागरूक कर रही है। आंगनवाड़ी केंद्रों और विद्यालयों के माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों और शिक्षा के महत्व की जानकारी दी जा रही है।यूनिसेफ इंडिया ने भी हीमा की कहानी पर लघु डॉक्यूमेंट्री तैयार की है। बेकहम ने इस उदाहरण के जरिए बालिकाओं को शिक्षा और अपने भविष्य के फैसले लेने के अवसर देने का संदेश दिया है।






