चाकू की नोक पर एक्सिस स्कूटी लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो साथी पहले से जेल में
जबलपुर, यश भारत।

चाकू की नोक पर एक्सिस स्कूटी लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो साथी पहले से जेल में
जबलपुर, यश भारत। रांझी थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर स्कूटी और मोबाइल लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी वरुण उर्फ आदर्श प्रजापति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई एक्सिस स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा साइन मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी पहले से ही पनागर थाना क्षेत्र के एक झपटमारी के प्रकरण में जेल में बंद हैं। पुलिस के अनुसार 11 नवंबर को प्रियांशु मेहतो अपने साथी आयुष बाल्मीक के साथ अपनी बुआ की नई एक्सिस स्कूटी से वीएफजे स्टेट स्थित धोबी घाट के पास से गुजर रहा था। सरकारी चक्की चौराहे के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और चाकू दिखाकर स्कूटी तथा एप्पल मोबाइल लूटकर फरार हो गए।मामले में अपराध दर्ज कर एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से वरुण को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने दीपांशु चौधरी और अरमान प्रधान के साथ वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर दोनों वाहन जब्त कर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मोबाइल बरामद करने और दोनों अन्य आरोपियों की इस मामले में गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी।







