मुख्य ख़बरें

BREAKING: NH-44 पर नीम घाटी के पास पलटा श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर: 3 की मौके पर मौत, 33 घायल.…देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत ।जिले के देवरी-गौरझामर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरमान से नर्मदा स्नान कर लौट रहे ग्रामीणों से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 ग्रामीण घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बांदरी तहसील के ग्राम गढ़हौला गोसाई निवासी करीब 35 से 36 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर बरमान घाट पर नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना करने गए थे। रविवार दोपहर गांव वापस लौटते समय NH-44 पर नीम घाटी के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ने से वाहन पलट गया। हादसे में कई ग्रामीण ट्रॉली के नीचे दब गए, वहीं अनेक लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। घायलों में कई लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर आए हैं तथा सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें लगी हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। स्थानीय ग्रामीणों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC), सागर रेफर किया गया है।

*मृतकों की हुई शिनाख्त*

देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने पुष्टि की है कि हादसे में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव की मृत्यु हुई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मौके से गुजर रहे प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद सड़क पर चारों ओर घायल पड़े थे और तीन लोग दम तोड़ चुके थे।

*ओवरलोडिंग सहित विभिन्न बिंदुओं पर जांच*

एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि वाहन के अनियंत्रित होने या किसी अज्ञात वाहन से टकराने की आशंका सहित हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गौरझामर और देवरी थाना प्रभारी संयुक्त रूप से मामले की पड़ताल कर रहे हैं। इसके साथ ही मालवाहक वाहन में क्षमता से अधिक यात्रियों के बैठाने और हाईवे पर ओवरलोडिंग नियमों के उल्लंघन के पहलू की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button