डुमना एयरपोर्ट के सामने चाकू दिखाकर युवक से मोबाइल और बाइक लूटी

जबलपुर,यश भारत। खमरिया थाना क्षेत्र में बदमाशों ने सरेराह लूट की वारदात को अंजाम देकर दहशत फैला दी। एयरपोर्ट के सामने तीन बदमाशों ने एक युवक की बाइक को टक्कर मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर मोबाइल लूटा और उसकी स्प्लेंडर बाइक लेकर फरार हो गए। घटना 25 नवंबर की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार लालमाटी उमरिया निवासी 20 वर्षीय सतीश गोंड़ सीएमएम फैक्ट्री सुअरकोल में काम करता है। 25 नवंबर को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपनी स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान महगवां मोड़ से ही काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक उसका पीछा करने लगे। युवक को शुरुआत में उनके इरादों का अंदाजा नहीं हुआ।
जैसे ही सतीश एयरपोर्ट के सामने घाट से नीचे उतर रहा था, पीछे से आ रहे बदमाशों ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, तीनों बदमाश उसके पास पहुंच गए। इनमें से एक ने चाकू निकालकर उसे धमकाया और मोबाइल छीन लिया। बदमाश यहीं नहीं रुके, उन्होंने सतीश की स्प्लेंडर बाइक भी अपने कब्जे में ले ली और मौके से भाग निकले। अचानक हुए हमले और चाकू की धमकी से युवक बुरी तरह घबरा गया। इस वजह से वह आरोपियों की बाइक का नंबर भी नहीं देख सका। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को पूरी जानकारी दी।
शिकायत पर खमरिया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों की जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश में लगी है।







