नवोदय में दाखिले के नाम पर भाजपा नेता ने मांगे 50 हजार, बेटे का दाखिला नहीं होने पर पिता ने पुलिस में की शिकायत, कोचिंग छुड़ाने की सलाह देकर सीधे दाखिले का दिया था झांसा

कटनी, यशभारत। जवाहर नवोदय विद्यालय में बेटे का दाखिला कराने का भरोसा देकर एक ग्रामीण से 40 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा नेता ने पिता को कोचिंग कराने से मना किया और अपनी पहुंच ऊपर तक बताकर सीधे दाखिला कराने का भरोसा दिया। बेटे का दाखिला नहीं हुआ तो पिता ने पत्नी के गहने गिरवी रखकर जुटाई रकम वापस मांगी लेकिन रुपए नहीं मिले। परेशान पिता ने बुधवार को बड़वारा थाने पहुंचकर भाजपा नेता के खिलाफ लिखित शिकायत की है। बड़वारा थाना क्षेत्र के झिंझरी गांव निवासी महेश पटेल ने बताया कि उन्होंने बेटे हरिओम पटेल के छठवीं कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन किया था। वे उसे प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग भेजने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रोहनिया गांव के भाजपा मीडिया प्रभारी खेमचंद यादव से हुई। महेश के मुताबिक खेमचंद यादव ने उन्हें कोचिंग नहीं भेजने की सलाह दी। साथ ही कहा कि उनकी ऊपर तक पहुंच है और वे सीधे नवोदय विद्यालय बड़वारा में दाखिला करवा देंगे। शिकायत के मुताबिक इसके बदले 50 हजार रुपए में महेश ने बताया कि बेटे के दाखिले की उम्मीद में उन्होंने पत्नी के गहने गिरवी रखे और 10 दिसंबर 2025 तक किस्तों में कुल 40 हजार रुपए फोन पे के जरिए दिए। उनका आरोप है कि कुछ ट्रांजेक्शन खेमचंद यादव के मोबाइल नंबर पर और कुछ उनके मित्र अनिल कुमार रजक के नंबर पर करवाए गए। महेश का कहना है कि करीब एक साल बाद भी बेटे का दाखिला नहीं हुआ। रकम वापस मांगने पर भी उन्हें पैसे नहीं मिले। गहने गिरवी रखकर जुटाई रकम नहीं लौटने से परिवार पर आर्थिक दबाव बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। बड़वारा पुलिस ने महेश पटेल का शिकायती आवेदन प्राप्त कर लिया है। थाना प्रभारी सुयेश पांडे ने बताया कि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के दस्तावेजों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं खेमचंद यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए अफवाह करार दिया है।







