ओवरलोड वाहनों से वसूले 54 हजार, निवार पुलिस ने ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत की कार्रवाई

कटनी, यशभारत। यातायात नियमों का उल्लंघन करने एवं ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा के नेतृत्व में वाहन चेकिंग के दौरान क्षमता से अधिक रेत का परिवहन कर रहे दो हाइवा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने हाइवा वाहनों को रोककर जांच की। जांच में हाइवा क्रमांक सीजी 04 पीसी 5557 का चालक उमेश यादव निवासी ग्राम शाहनगर एवं हाइवा क्रमांक यूपी 95 टी 0863 चालक नीलेश यादव निवासी ग्राम बनेहरा के विरूद्ध कार्रवाई की गई। दोनों हाइवा वाहनों में क्षमता से अधिक रेत लोड होना पाया गया। पुलिस ने दस्तावेजों की जांच के बाद मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर दोनों वाहनों से 54 हजार का जुर्माना वसूला। कार्रवाई में निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, प्रधान आरक्षक राजेश कोरी, आरक्षक गौरव सेन एवं आरक्षक अरविंद की सराहनीय भूमिका रही।







