कटनी

राजधानी हुई एक्टिव, तब कटनी में हुआ एक्शन, ट्रांसपोर्टर ही मास्टर माइंड या अफसर और राजनेता भी शामिल, चावल घोटाले में अभी कई परतें खुलना बाकी, भोपाल से टीम आकर खंगालेगी रिकार्ड, यशभारत का खुलासा : पहले खाद्य मंत्री ने दिए जांच के निर्देश फिर एफआईआर

(आशीष सोनी/आशीष रैकवार/संजय खरे)

कटनी, यशभारत। चार करोड़ 42 लाख रूपए के चावल गबन के मामले में मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार पार्टनरों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यह मामला दोपहर में जिला विकास एवं निगरानी समिति की बैठक में उठा और शाम होते होते रंगनाथ थाने में प्रकरण दर्ज करा दिया गया। यशभारत द्वारा इस पूरे मामले का खुलासा किए जाने के साथ लगातार खबरें प्रकाशित की गई। गबन की गूंज राजधानी भोपाल तक पहुंची। सरकार के संज्ञान में मामला आते ही खाद्य मंत्री गोविंद राजपूत ने जांच के निर्देश जारी कर दिए। भोपाल से कोई टीम जांच के लिए आती, इसके पहले ही दिशा की बैठक में कलेक्टर ने संकेत दे दिए थे कि गबन के आरोपियों पर प्रकरण दर्ज कराया जायेगा। 32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल गायब होने के मामले की जांच शुरू हुई तो एक के एक बाद कई खुलासे हुए। परिवहनकर्ता एजेंसी भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को नोटिस जारी कर जबाव मांगा गया। ट्रांसपोर्टर ने जबाव पेश करते हुए 32 ट्रक संबंधित जिलों में पहुंचाने का दावा करते हुए रिसीविंग पेश कीए मप्र राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने जब इंदौरए हरदा और नीमच जिलों से पावती की पुष्टि की तो यह बात सामने आई कि ट्रांसपोर्टर द्वारा पेश की गई पावती फर्जी निकली। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और ट्रांसपोर्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। जानकारी के मुताबिक परिवहनकर्ता एजेंसी भाग्य लक्ष्मीरोड लाइंस के पार्टनर दीपक जैन निवासी भोपाल, किशन केशरवानी निवासी चाकघाट रीवा, श्रीमती शांती मिश्रा निवासी चाकघाट रीवा एवं मनोज कुमाार तिवारी निवासी त्योथर जिला रीवा के खिलाफ कटनी के रंगनाथनगर थाने में धारा 316 (5), 338, 336 (3), 340(2), 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह एफआईआर जिला आपूर्ति अधिकारी एवं प्रभारी जिला प्रबंधक मप्र राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड रविकांत ठाकुर द्वारा दर्ज कराई गई। ट्रांसपोर्टर पर आरोप है कि कुल 31 ट्रक चावल तीन जिलों में भेजा गया था, जिसमे 21 हजार 765 बोरों में 10797.18 क्विंटल चावल था। एसओआर दर के अनुसार 4100 रूपये प्रति क्विंटल इकॉनमिक कॉस्टट पेनाल्टील दर सहित 4 करोड़ 42 लाख 71 हजार 718 रूपये का चावल गबन किया गया। 32 ट्रक चावल गबन मामले में रंगनाथनगर थाने में शाम को एफआईआर दर्ज कराई गई। इस मामले में भाग्यलक्ष्मी रोड लाइंस के चार पार्टनरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एफआईआर होने के बाद अब भी कई ऐसे सवाल हैं, जिसके जबाव सामने आना बाकी है। पुलिस जब इस मामले की सूक्ष्मता के साथ जांच करेगी और आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी, तब इस गिरोह के मास्टर माइंड सहित कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
सवाल : इतना बड़ा खेल अकेले ट्रासंपोर्टर नहीं कर सकता
सूत्रों का कहना है कि इतना बड़ा खेल अकेले ट्रासंपोर्टर द्वारा नहीं किया जा सकता। इसमे कतिपय विभागीय अधिकारियों की संलिप्तता के साथ ही राजनीतिक संरक्षण की भी बात निकलकर सामने आ रही है। खास बात यह है कि फरवरी 2025 से लेकर नवंबर 2026 तक यह मामला दबा रहा, जबकि तीनों जिलों (इंदौर, हरदा और नीमच) के जिला प्रबंधकों द्वारा बकायदा पत्र लिखकर चावल नहीं मिलने की बात कही गई थी। इसके बाद भी प्रशासन चुप्पी साधे रहा। यशभारत ने जब 21 नवंबर को इस पूरे मामले का खुलासा किया, तब हडक़म्प मच गया। आनन-फानन मामले की जांच शुरू हुई। कलेक्टर आशीष तिवारी ने नान के प्रभारी जिला प्रबंधक सहित राजस्व अधिकारियों की टीम को दस्तावेजों की पड़ताल के लिए लगाया। अधिकारी डन कॉलोनी स्थित दफ्तर में माथापच्ची करते रहे और अंतत: इस बात के पुख्ता सबूत मिल गए कि ट्रांसपोर्टर ने 31 ट्रक चावल संबंधित जिलों में नहीं पहुंचाया। चावल का गबन उजागर होते ही तत्काल एफआईआर दर्ज कराई गई।
परिवहनकर्ता के दस्तावेजों और रिकॉर्ड में विसंगतियां
प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में 31 ट्रकों में लदे कुल 21 हजार 765 बोरे फोर्टिफाइड चावल की निर्धारित गंतव्य तक डिलीवरी नहीं होने की अनियमितता सामने आई है। इन बोरों का कुल वजन 10 हजार 797.18 क्विंटल बताया गया है। जांच दल के अनुसार चावल कटनी से हरदा, नीमच और इंदौर के लिए रवाना किया गया था। परिवहनकर्ता द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों और वास्तविक प्राप्ति के रिकॉर्ड में गंभीर विसंगतियां मिलीं। इससे पहले सामने आई जानकारी में 32 ट्रकों में 10 हजार 975.25 क्विंटल चावल परिवहन किए जाने और करीब चार करोड़ रुपये के खाद्यान्न के कथित गबन की आशंका जताई गई थी। जिला प्रशासन की जांच में 31 ट्रकों और 10 हजार 797.18 क्विंटल चावल से संबंधित अनियमितता सामने आई।
खाद्य मंत्री ने दिए थे जांच के निर्देश
यशभारत के खुलासे के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपर मुख्य सचिव खाद्य के सी गुप्ता को सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित कर जांच कराने की बात भी सामने आई थी। जांच के दायरे में परिवहन प्रक्रिया, चावल की वास्तविक आवाजाही, प्राप्ति प्रमाण पत्र, भुगतान और संबंधित अधिकारियों.कर्मचारियों की भूमिका शामिल है।
नागरिक आपूर्ति निगम के हरदा जिला प्रबंधक ने पत्र लिकखकर कहा : नहीं मिला 14 ट्रक चावल
मामले में इससे हरदा जिला प्रबंधक कार्यालय की ओर से कटनी जिला प्रबंधक को पत्र भेजकर 14 ट्रकों में भेजे गए चावल की प्राप्ति नहीं होने की जानकारी दी गई थी। संबंधित प्रदाय केंद्रों और वेयरहाउस के रिकॉर्ड का मिलान किए जाने पर चावल प्राप्त नहीं होने की बात सामने आई। हरदा कार्यालय ने परिवहनकर्ता की ओर से प्रस्तुत पावतियों में कांट-छांट और तकनीकी छेड़छाड़ होने की आशंका भी जताई थी। इस खुलासे के बाद परिवहन दस्तावेजों की प्रमाणिकता और चावल की वास्तविक आवाजाही पर सवाल उठे। अब कटनी में दर्ज एफआईआर से मामला आपराधिक जांच के दायरे में आ गया है। जांच में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि चावल किन स्थानों पर पहुंचा। डिलीवरी की पावतियां किसने तैयार कीं और उनका सत्यापन किस आधार पर किया गया।
घोटाले के बाद यह सवाल, जो उभर रहे
सबसे बड़ा सवाल परिवहन व्यवस्था की निगरानी को लेकर है। कटनी से हरदा, इंदौर और नीमच तक चावल पहुंचने में सामान्यत: दो दिन का समय लगना चाहिए लेकिन आरोप है कि खेप कई महीनों तक संबंधित जिलों में नहीं पहुंचीं। ऐसे में सवाल है कि क्या नान के अधिकारियों ने परिवहनकर्ता से समय पर डिलीवरी की जानकारी मांगी। क्या गंतव्य केंद्रों से चावल प्राप्ति की पुष्टि कराई गई और यदि चालान के आधार पर डिलीवरी दर्शाई गई तो उसका सत्यापन किसने किया। परिवहन और भुगतान की निगरानी करने वाले नान (नागरिक आपूर्ति निगम) के तत्कालीन अधिकारी और कर्मचारी अब तक कार्रवाई से बाहर क्यों हैं। सवाल यह भी है कि क्या तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेंद्र तिवारी, कनिष्ठ सहायक सूरज बैगा और ऑपरेटर रवि पटेल से भी पूछताछ की जाएगी। क्या इनके कार्यकाल के परिवहन रिकॉर्ड, बिलों, भुगतान फाइलों और डिलीवरी चालानों का फारेंसिंक सत्यापन कराया जाएगा। क्या संबंधित जिलों से वास्तविक प्राप्ति रिकॉर्ड मंगाए जाएंगे।
नान के तत्काल अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल
इस पूरे मामले में तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेंद्र तिवारी, कनिष्ठ सहायक सूरज बैगा और ऑपरेटर रवि पटेल की भूमिका को जांच के दायरे में लाए जाने की मांग उठ रही है। बताया जाता है कि रवि पटेल परिवहनकर्ता के बिलों का मिलान करने का काम करता था। ऐसे में यह जांच जरूरी है कि जिन ट्रकों की डिलीवरी महीनों तक संदिग्ध बनी रही, उनके बिलों का मिलान किस आधार पर किया गया। भुगतान की प्रक्रिया किसने आगे बढ़ाई। दस्तावेजों और चालानों का सत्यापन किस स्तर पर हुआ। यदि परिवहनकर्ता ने फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए तो उन्हें जांचे बिना स्वीकार करने वाले जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। आखिर बिना विभागीय स्तर पर सत्यापन और प्रक्रिया पूरी हुए इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी चावल के परिवहन का हिसाब कैसे चलता रहा।
क्या सिर्फ ट्रांसपोर्टर ही जिम्मेदार, विभागीय अमला पाक-साफ
इस मामले में एफआईआर होना निश्चित रूप से बड़ी कार्रवाई है लेकिन जांच का दायरा केवल परिवहनकर्ता तक सीमित रहेगा या फिर गबन में जिन अधिकारियों-कर्मचारियों की संलिप्तता है, उनसे भी पूछताछ होगी। 31 ट्रकों की आवाजाही, डिलीवरी की पुष्टि, चालानों का सत्यापन और बिलों के भुगतान जैसी प्रक्रिया, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की जानकारी और भूमिका के बिना पूरी नहीं हो सकतीं। ऐसे में यह पता लगाना जरूरी है कि कहीं इस कथित गड़बड़ी में विभागीय स्तर पर भी मिलीभगत तो नहीं थी।
टीम में ये रहे शामिल
कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा गठित जांच दल में प्रभारी जिला प्रबंधक नान एवं डीएसओ रविकांत सिंह ठाकुर, तहसीलदार नजूल आकाश नीरज और मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के कटनी, बड़वारा, विजयराघवगढ़ व मझगवां के केंद्र प्रभारी अशोक पटाइत तथा केंद्र प्रभारी बहोरीबंद, स्लीमनाबाद, ढीमरखेड़ा सुश्री नेहा अहिरवार शामिल रहे। टीम ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज कराई। साथ ही उपार्जन के लिए परिवहनकर्ता मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल ने कटनी में परिवहन कार्य हेतु प्रतिबंधित भी कर दिया है।
वित्तीय वर्ष 2024.25 में हुआ था परिवहन अनुबंध
जानकारी के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2024-25 में एलआरटी सामान्य सहलोडिंग, अनलोडिंग, तौल एवं स्टेकिंग कार्य के लिए निर्धारित एसओआर पर भाग्यलक्ष्मी रोड लाइंस से परिवहन अनुबंध किया गया था। इसी अनुबंध के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए चावल का परिवहन इस फर्म द्वारा किया जा रहा था।17 1

19 1 20 21

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button