कटनी

शिकार के लिए बनाए फंदे ने ली बाघिन की जान, क्लच वायर के फंदे में फंसा मिला शव, बाघों की सुरक्षा पर सवाल

कटनी/पन्ना, यशभारत। पन्ना में बाघों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्लच वायर के जानलेवा फंदे में फंसने से एक बाघिन की मौत का मामला सामने आया है। मामला उत्तर वन मंडल के पन्ना वन परिक्षेत्र अंतर्गत मनकी बीट का है। यहां ग्राम मंटोला के पास नाले के किनारे बाघिन का कई दिन पुराना शव मिला। बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा फंसा हुआ था, जिससे गले में गहरा घाव बन गया था। बताया जा रहा है कि फंदे में फंसने के कारण बाघिन शिकार करने में असमर्थ हो गई और भूख प्यास से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पन्ना टाइगर रिजर्व का डॉग स्क्वायड भी बुलाया गया और पूरे क्षेत्र में सर्चिंग कराई जा रही है। एसडीओ कृष्णम मरावी के अनुसार मामले में अज्ञात के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि इससे पहले विक्रमपुर में बाघ और पवई के पिपरिया दोन बीट में तेंदुए की भी इसी तरह के फंदे में फंसने से मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button