मुड़वारा स्टेशन के आउटर में मिली युवक की लाश, बेटियों के लिए समोसा लेने आगरा स्टेशन पर उतरा था युवक, गाड़ी छूटने के बाद वापस कटनी आते समय हादसा

कटनी, यशभारत। मुड़वारा रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में शुक्रवार को युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जीआरपी और रंगनाथ नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गोलू बैन पुत्र ढोलन बैन निवासी भारत चौक के रूप में हुई है। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के भारत चौक निवासी गोलू बेन कुछ दिन पहले अपनी पत्नी दुर्गा और तीन बच्चों के साथ पंजाब में रहने वाली बहन के यहां घूमने गया था। वहां कुछ दिन रुकने के बाद परिवार गुरुवार को जम्मूतवी एक्सप्रेस से कटनी लौट रहा था। सफर के दौरान आगरा स्टेशन पर गोलू बेटियों के लिए समोसा लेने ट्रेन से नीचे उतरा। इसी दौरान ट्रेन रवाना हो गई और वह स्टेशन पर ही रह गया। पत्नी और बच्चे ट्रेन में आगे निकल गए। पति के पास मोबाइल फोन न होने के कारण संपर्क भी नहीं हो सका। गुरुवार रात 3 बजे ट्रेन कटनी पहुंची तो पत्नी को उम्मीद थी कि पति शायद किसी दूसरे कोच में बैठ गया होगा और स्टेशन पर उतरने के बाद मिल जाएगा। कटनी पहुंचने पर बेटियों के साथ रात भर पत्नी दुर्गा ने पति का इंतजार किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसी बीच शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। इसके बाद परिवार में शोक छा गया। पुलिस के मुताबिक युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका है। रेल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







